समाचार · बिहार
छुट्टी के दिन भी खुले रहे जयप्रकाश विश्वविद्यालय, स्नातक नामांकन के लिए उमड़े छात्र, कॉलेज प्रशासन का बड़ा निर्देश

JP University : (विकास दुबे) जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के निर्देश पर गोपालगंज जिले के सभी अंगीभूत और संबद्ध डिग्री कॉलेजों में अवकाश के दिन भी स्नातक सत्र 2026-30 के प्रथम मेधा सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया जारी रही. छुट्टी के बावजूद कॉलेजों में दस्तावेज सत्यापन, ऑनलाइन प्रक्रिया और शुल्क जमा कराने का कार्य नियमित रूप से किया गया.
अवकाश में भी जारी रही नामांकन प्रक्रिया
जेपीयू के निर्देशानुसार महेंद्र महिला कॉलेज, कमला राय कॉलेज सहित जिले के सभी अंगीभूत एवं संबद्ध डिग्री कॉलेज शुक्रवार को खुले रहे. स्नातक यूजी-सीबीसीएस चार वर्षीय पाठ्यक्रम (सत्र 2026-30) में प्रथम मेधा सूची के आधार पर नामांकन के लिए छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों की सुबह से ही कॉलेजों में भीड़ रही.
Gopalganj News : दस्तावेज सत्यापन के बाद हुआ नामांकन
कॉलेजों में चयनित अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया गया. इसके साथ ही ऑनलाइन लिंक जनरेट कर निर्धारित नामांकन शुल्क जमा कराने की प्रक्रिया भी पूरे दिन जारी रही. विश्वविद्यालय के निर्देश पर कॉलेज प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं, ताकि अवकाश के बावजूद किसी छात्र को परेशानी का सामना न करना पड़े.
महेंद्र महिला कॉलेज में 26 छात्राओं का हुआ नामांकन
महेंद्र महिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार नियमित शैक्षणिक गतिविधियां अवकाश के कारण बंद रहीं, लेकिन नामांकन का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 26 छात्राओं का नामांकन किया गया. साथ ही 26 से 29 जून तक अवकाश के दौरान भी कॉलेज में नामांकन की प्रक्रिया जारी रहेगी.
अंतिम दिन का इंतजार नहीं करने की अपील
विश्वविद्यालय ने सभी अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों को 26 से 29 जून तक अवकाश के दौरान भी नामांकन जारी रखने का निर्देश दिया है. कॉलेज प्रशासन ने प्रथम मेधा सूची में चयनित विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम दिन का इंतजार न करें. सभी आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र, अंकपत्र, आधार कार्ड, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ समय पर संबंधित कॉलेज पहुंचकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी करें.
समय पर नामांकन से नए सत्र की होगी सुचारु शुरुआत
विश्वविद्यालय का उद्देश्य है कि नामांकन प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी हो, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत बिना किसी बाधा के समय पर की जा सके. इसके लिए कॉलेज प्रशासन लगातार विद्यार्थियों की सहायता में जुटा हुआ है.
Also Read : सीवान में मुहर्रम जुलूस की ड्यूटी के दौरान लाठी लगने से दारोगा घायल, अस्पताल में भर्ती