Saturday, 27 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से

समाचार · झारखंड

झोलाछाप डॉक्टर के गलत इंजेक्शन से 12 साल की बच्ची की मौत, मासूम का चेहरा भी नहीं देख पाए पिता

INT News26 June 2026 at 09:19 pm

पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट

Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में झोलाछाप चिकित्सक के कथित इलाज के बाद 12 वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है. मृतक बच्ची की पहचान पतरिया खुर्द गांव निवासी पंकज कुमार सिंह चेरो की पुत्री विपाशा कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शरीर में जख्म होने पर कराया जा रहा था इलाज

परिजनों के अनुसार विपाशा कुमारी के शरीर में जख्म हो गया था. बेहतर इलाज के लिए उसे मेदिनीनगर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में झोलाछाप चिकित्सक मुखलाल चौधरी ने बच्ची के चाचा से कहा कि मेदिनीनगर जाने की जरूरत नहीं है और वह अपने क्लिनिक में ही उसका इलाज कर देगा. बताया गया कि चिकित्सक बच्ची को अपने गांव गांगी स्थित क्लिनिक ले गया और वहीं इलाज शुरू किया.

इंजेक्शन लगने के बाद बेहोश हो गई बच्ची

मृतका के चाचा राणा प्रताप सिंह चेरो ने बताया कि इलाज के दौरान जैसे ही बच्ची को इंजेक्शन लगाया गया, उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई. इसके बाद परिजन घबराकर उसे तुरंत मेदिनीनगर ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में शाहपुर पहुंचने से पहले ही बच्ची ने दम तोड़ दिया. परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाने से पहले बच्ची पूरी तरह सामान्य थी और गलत दवा या इंजेक्शन के कारण उसकी मौत हुई.

दो दिन पहले ही काम के लिए बाहर गए थे पिता

घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. बच्ची के पिता पंकज कुमार सिंह चेरो रोजी-रोटी के लिए महज दो दिन पहले ही घर से बाहर काम करने गए थे. बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद वह तत्काल घर लौट रहे हैं. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है.

गांव-गांव घूमकर इलाज करने का आरोप

परिजनों का कहना है कि आरोपी मुखलाल चौधरी गांव-गांव घूमकर लोगों का इलाज करता है. उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त योग्यता के इलाज किए जाने से इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं. मृतक बच्ची की मां पूनम देवी ने आरोपी के खिलाफ चैनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: Garhwa: झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से बच्ची की मौत मामले में उपायुक्त गंभीर, गिरफ्तारी के आदेश

पुलिस ने दर्ज किया मामला

चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी मुखलाल चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. जांच के दौरान सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: 3.80 लाख में 8 माह के बच्चे का सौदा, 2 डॉक्टर समेत 5 गिरफ्तार, समस्तीपुर जंक्शन से बच्चे की चोरी का खुलासा