गोड्डा जिले के पौड़याहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी गांव में घरेलू विवाद ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। बीती रात करीब 8 बजे पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पति राजेंद्र ने पत्नी रीता की हत्या कर दी। इसके बाद फांसी के फंदे से लटक कर खुद जान दे दी। पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए सास-ससुर को भी चाकू मार कर घायल कर दिया। पूरी घटना लड़की के मायके में हुई। नशे में शुरू हुआ विवाद, कर दी हत्या घटना के बारे में बताया जा रहा है कि लाठीबाड़ी गांव के रहने वाले राजेंद्र पंडित आए दिन शराब के नशे में घर लौटता था और पत्नी रीता देवी से विवाद करता था। बीती रात भी वही हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में राजेंद्र ने चाकू से रीता देवी पर हमला कर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी। जब सास बिजली देवी और ससुर रामदेव पंडित बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन पर भी चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी पति ने कर ली खुदकुशी पत्नी की हत्या के बाद राजेंद्र ने खुद को भी खत्म कर लिया। वह घर के अंदर ही फंदे से लटक गया।इधर, घायल सास-ससुर को आनन-फानन में गोड्डा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पौड़ैयाहाट थाना प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दंपती की दो बेटियां, अब हुई अनाथ दोनों की शादी छह साल पहले हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी तीन साल की और छोटी बेटी एक महीने की है। मृतका के पिता रामदेव पंडित और चाचा हीरालाल पंडित ने बताया कि कई बार पंचायत में विवाद सुलझाने की कोशिश हुई थी, लेकिन राजेंद्र की शराबखोरी और हिंसक रवैये के कारण स्थिति बिगड़ती गई। अब परिवार पर दो मासूम बच्चियों की परवरिश की चिंता सता रही है।
पति ने पत्नी को मार डाला, फिर खुद लगाई फांसी:गोड्डा में सास-ससुर को चाकू मार किया घायल, 2 बच्चियां हुई अनाथ
