औद्योगिक नगरी पानीपत और इसके ग्रामीण अंचल इसराना में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर रणदीप मलिक ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दो बड़े कारोबारियों को व्हाट्सएप कॉल कर करोड़ों की फिरौती मांगी। बदमाशों ने न केवल मोटी रकम की मांग की है, बल्कि पैसे न देने पर जान से मारने और गोलियों से भूनने की सीधी धमकी भी दी है। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत मिलने पर जांच शुरू कर दी है। केस 1: सुक्रमपाल से मांगी 10 करोड़ की रंगदारी पहला मामला इसराना निवासी सुक्रमपाल का है। सुक्रमपाल एक संपन्न व्यक्तित्व हैं, जिनका गुरुग्राम में बड़ा शोरूम है, जिसे उन्होंने किराए पर दिया हुआ है, साथ ही इसराना में भी उनके पास कई एकड़ कृषि भूमि है। 24 मार्च 2026 को सुक्रमपाल के व्हाट्सएप पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद की पहचान विदेश में बैठे गैंगस्टर रणदीप मलिक के रूप में दी और अपना संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया। गैंगस्टर ने सुक्रमपाल से सीधे 10 करोड़ रुपए की मांग की। इतनी बड़ी रकम सुनकर सुक्रमपाल के पैरों तले जमीन खिसक गई। धमकी देने वाले ने स्पष्ट कहा कि यदि रकम का इंतजाम नहीं हुआ तो अंजाम बुरा होगा। सुक्रमपाल ने तुरंत इसकी सूचना थाना इसराना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। केस 2: दुकानदार हरेन्द्र को 2 करोड़ की धमकी और ‘डेथ वारंट’ अभी पुलिस पहले मामले की गुत्थी सुलझाने की कोशिश ही कर रही थी कि उसी शाम करीब 4:41 बजे इसराना के ही एक अन्य निवासी हरेन्द्र को भी इसी तरह की धमकी मिली। हरेन्द्र इसराना में किराए की दुकान लेकर इन्वर्टर, बैटरी और कूलर रिपेयरिंग का काम करते हैं। उनके पास भी अपनी निजी जमीन है। हरेन्द्र के पास आए व्हाट्सएप कॉल में भी वही नाम- रणदीप मलिक और लॉरेंस बिश्नोई गैंग दोहराया गया। गैंगस्टर ने हरेन्द्र से 2 करोड़ रुपए की मांग की। कॉल कटने के बाद बदमाश ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर धमकी दी कि अगर पैसा नहीं पहुंचा, तो उसे गोलियों से भून दिया जाएगा। दहशतजदा हरेन्द्र ने 25 मार्च को थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई और सुरक्षा की गुहार लगाई। दहशत में व्यापारी, पुलिस सक्रिय एक ही दिन में दो बड़ी फिरौती की मांगों ने इलाके के व्यापारियों और जमींदारों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल होना पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है। इसराना थाना पुलिस ने दोनों शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच-पड़ताल को तेज कर दिया है।
लॉरेंस-बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगी ₹12 करोड़ की फिरौती:पानीपत के दो कारोबारियों को गैंगस्टर ने की व्हाट्सएप-कॉल; गोलियों से भूनने की धमकी
