हरियाणा के गुरुग्राम में HDFC बैंक के एक असिस्टेंट मैनेजर ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। मंगलवार को उसका शव सदर बाजार इलाके में किराए के कमरे से मिला। सोमवार देर रात उसकी एक कलीग (सहकर्मी) ने बार-बार कॉल की, लेकिन उसने कॉल पिक नहीं की। सुबह युवती ने उसके परिवार को इसकी सूचना दी। युवक के चाचा कमरे पर पहुंचे तो उसका शव फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार के लोग शव को अपने साथ ले गए। अभी यह सामने नहीं आया है कि युवक ने सुसाइड क्यों किया। कुछ समय पहले ही ट्रांसफर होकर आया मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले शैलेंद्र कुमार द्विवेदी के तौर पर हुई है। शैलेंद्र अविवाहित था और उसके दो भाई हैं। वह सेक्टर-66 स्थित HDFC बैंक में तैनात था। 5 महीने पहले वह रीवा से ट्रांसफर होकर गुरुग्राम आया था। वह अकेले किराए के कमरे में रहता था। उसके चाचा भी गुरुग्राम में ही रहते हैं। चाचा कमरे में पहुंचे तो लटका मिला सोमवार रात को शैलेंद्र की एक सहकर्मी ने उसे कई बार कॉल की, लेकिन उसने जवाब नहीं दिया। युवती ने सुबह भी शैलेंद्र को कॉल किए। जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने भी शैलेंद्र से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार उसके चाचा कमरे पर पहुंचे, तो उन्होंने शैलेंद्र को फांसी पर लटका पाया। कमरे से सुसाइड नोट नहीं मिला परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। मौके से शैलेंद्र का मोबाइल भी मिला था, लेकिन लॉक होने के कारण पुलिस ने उसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया। पुलिस बोली- हर एंगल से जांच कर रहे शहर थाना पुलिस के जांच अधिकारी सुंदर सिंह ने बताया कि फोन लॉक होने के कारण उसकी कॉल डिटेल्स, मैसेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच फोरेंसिक लैब में होगी। अभी तक आत्महत्या के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। सहकर्मियों और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
गुरुग्राम में असिस्टेंट मैनेजर ने सुसाइड किया:रातभर कॉल करती रही कलीग, सुबह चाचा आए तो फंदे पर लटका मिला
