हरियाणा में मौसम विभाग ने सोमवार को उत्तरी हरियाणा के चार जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कैथल, करनाल, अंबाला और कुरुक्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है, जबकि शीतलहर चलने की संभावना नहीं जताई गई है। प्रदेश में दो से तीन दिनों से प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। कई इलाकों में हल्के बादल छाए हुए हैं तो कहीं कोहरा पड़ रहा है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को कोहरे का असर केवल उत्तरी हरियाणा के चार जिलों तक ही सीमित रहेगा। वहीं 19 जनवरी से प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। इसके आज से ही बादलवाही देखने को मिलेगी। अगले दो दिनों में कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। कई जिलों में बादल छाएंगे हरियाणा और दिल्ली-NCR के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को मौसम मिला-जुला रहेगा। दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल तो दिखेंगे, लेकिन फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, झज्जर, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, सिरसा और फतेहाबाद जिलों में मौसम लगभग साफ रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कल से बदलेगा मिजाज: इन जिलों में बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने मंगलवार (कल) के लिए प्रदेश के कुछ खास हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है। हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों में कल बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। 16 शहरों का अधिकतम तापमान 20 डिग्री पहुंचा जनवरी आधी बीत जाने के बाद अब तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाने लगी है। प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम व अधिकतम दोनों ही तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। जिसके कारण कई जगह अधिकतम तापमान 20 डिग्री के पार भी हो गया है। करनाल के इंद्री में रविवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। इसके अलावा प्रदेश के 16 शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री से अधिक रहा। मौसम विभाग ने आगामी तीन से चार दिनों तक तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। वहीं मौसम विभाग ने पूरे हरियाणा में शीत लहर नहीं चलने का अनुमान भी लगाया है। विभाग के अनुसार इस सप्ताह कहीं पर भी शीतलहर नहीं चलेगी। इससे लोगों को ठंड का एहसास कम होगा। 22 जनवरी से बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 22 जनवरी से मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। जिसके चलते प्रदेश में कुछ स्थानों पर 22 जनवरी से 24 जनवरी तक गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
हरियाणा के 4 जिलों में आज कोहरा, बादल भी छाएंगे:कल से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार; तापमान में बढ़ोतरी, धूप खिलेगी
