गुरुग्राम में बिल्डिंग मैटीरियल सप्लायर पर फायरिंग:पानी रोकने को लेकर पड़ोसी से विवाद, फोन पर दी थी गोली मारने की धमकी

Spread the love

गुरुग्राम में देर रात पानी रोकने के विवाद को लेकर बिल्डिंग मैटीरियल सप्लायर पर थार सवार पड़ोसी ने फायरिंग कर दी। आरोपी उसके पड़ोस में रहता है और पानी निकासी को लेकर उनके बीच पहले भी विवाद हुआ था। फायरिंग में सप्लायर जयबीर राठी बाल-बाल बच गया, लेकिन ब्रेजा और स्विफ्ट कार में गोलियां जा लगी। मैटीरियल सप्लायर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ईआरवी टीम और खेड़की दौला थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां से पुलिस को गाड़ियों पर लगे गोलियों के निशान मिले। पीड़ित जयबीर राठी की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोसी दिनेश उर्फ धन्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पहले फोन पर धमकी दी पुलिस को दी शिकायत में गांव बार गुर्जर निवासी जयबीर राठी ने बताया कि पानी की निकासी को लेकर उसका दिनेश से मामूली विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दिनेश ने जयबीर को मोबाइल पर धमकी दी थी। दिनेश ने कथित तौर पर कहा था कि तुझे समझाया था पानी रोक ले लेकिन तू नहीं समझा, आज तुझे गोली मारूंगा। देर रात फायरिंग की जयबीर ने अपनी शिकायत में बताया कि देर रात करीब 10 बजे वह अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी थार गाड़ी में सवार दिनेश उर्फ धन्नी ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग में उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और घर में घुस गए। ब्रेजा कार से गोलियां बरामद दिनेश उर्फ धन्नी ने जयबीर को निशाने पर लेकर एक के बाद एक कई फायर किए और उसे जान से मारने की कोशिश की। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। फायरिंग की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से ब्रेजा गाड़ी, जिस पर गोलियां चलाई गई थीं, और 4 से 5 गोलियों के खोल बरामद किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।