गुरुग्राम में एक महिला की उसके पति ने चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी। बुधवार को महिला का शव घर से 100 मीटर दूर सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटना के बाद से उसका पति फरार है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अस्पताल में भिजवा दिया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली रेखा (30) के तौर पर हुई। वह गुरुग्राम के भंगरौला गांव में अपने पति गौरव के साथ रहती थी। फिलहाल पुलिस ने रेखा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सूट खून से सना हुआ था पुलिस को सूचना मिली कि भांगरौला गांव में एक महिला का खून से लथपथ शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। महिला की पहचान गांव की ही रेखा के रूप में हुई। उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे, और उसका सूट खून से बुरी तरह सना हुआ था। पति-पत्नी के बीच झगड़े होते थे जांच में सामने आया कि रेखा कुछ समय से भांगरौला गांव में अपने पति के साथ किराए के मकान में रह रही थी। यह भी पता चला है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। घटना के बाद से गौरव गायब है और उसका फोन भी बंद आ रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि रेखा की हत्या करने के बाद वह फरार हो गया। आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें गठित पुलिस प्रवक्ता ASI संदीप कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस आरोपी पति गौरव की तलाश कर रही है और उसे पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…
गुरुग्राम में चाकू मारकर पत्नी की हत्या:घर से 100 मीटर दूर सड़क किनारे पड़ा मिला शव; पति फरार
