हरियाणा में रेवाड़ी-जैसलमेर नेशनल हाईवे-11 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा रेवाड़ी में धामलावास आईटीआई के पास रविवार रात करीब डेढ़ बजे हुआ, जहां स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार पति-पत्नी व उनके इकलौते बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गाड़ी पिचक गई, जिसे गैस कटर से काटकर दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाले गए। परिवार सीकर से वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। पति एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे, वहीं पत्नी सरकारी टीचर थीं। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पति प्राइवेट कंपनी में, पत्नी सरकारी टीचर थी मृतकों की पहचान गांव बोडिया कमालपुर निवासी ब्रजमोहन (40 ), उनकी पत्नी अनीता (38) और बेटे निमेष (13) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रजमोहन एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी सरकारी अध्यापिका थीं। उनका इकलौता बेटा निमेष था, जिसका कोचिंग इंस्टिट्यूट में एडमिशन कराने के लिए परिवार गुरुग्राम से सीकर गया हुआ था। पिचक गई स्कार्पियो, गैस कटर से काटकर शव निकाले हादसे के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह पिचक जाने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर और हाइड्रा मशीन की मदद से तीनों शवों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद जाम लगा हादसे के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित करते हुए शवों को कब्जे में लेकर रेवाड़ी नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां तीनों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
रेवाड़ी-जैसलमेर नेशनल हाईवे पर ट्रक ने स्कार्पियो को उड़ाया,3 मरे:गैस कटर से गाड़ी काटकर शव निकाले, सीकर से बेटे के साथ लौट रहे थे पति-पत्नी
