पलवल में बडे़ ने की छोटे भाई की हत्या:चाकू-सुए से किया वार, बाजार में घूमता रहा आरोपी, खुद थाने पहुंचकर दी पुलिस को सूचना

Spread the love

पलवल के मुख्य बाजार में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की चाकू और सुआ से गोदकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद शहर थाने पहुंचा और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। शहर थाना पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद के अनुसार, आरोपी सुरेश और उसका छोटा भाई विक्रम, दोनों जिला पाली (राजस्थान) के निवासी हैं। वे पिछले एक साल से पलवल में दरबार कुंआ के समीप किराए के कमरे में रहकर सोने की गलाई का काम करते थे। आरोपी ने लोगों को बताया- छोटे भाई की हत्या कर दी बुधवार सुबह करीब चार बजे दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद बड़े भाई सुरेश ने चाकू व सुआ से हमला कर अपने 19 वर्षीय छोटे भाई विक्रम की हत्या कर दी। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वारदात को अंजाम देने के बाद सुरेश कुछ देर तक बाजार में घूमता रहा। उसने आसपास के लोगों को भी बताया कि उसने अपने भाई की हत्या कर दी है। इसके बाद आरोपी खुद शहर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया, जांच शुरू घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया है। आरोपी सुरेश को पूछताछ के लिए गिरफ्तार कर लिया गया है और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मकान मालिक सुरेश चंद एवं अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि यहां किराए के कमरे में रहने वाले दो भाइयों में से बड़े ने छोटे भाई की हत्या कर दी है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, घटना के बाद आरोपित बिना किसी डर के काफी देर तक बाजार में घूमता रहा। वारदात के कारणों का खुलासा नहीं शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बताया कि अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि आरोपी ने इतनी बड़ी वारदात को किस वजह से अंजाम दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच करने में जुटी हुई है। मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है, उनके आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।