यूपी-बिहार में बारिश, राजस्थान में ओले गिरे:एमपी में आंधी, हिमाचल में बर्फबारी का अलर्ट; गुजरात का राजकोट देश में सबसे गर्म

Spread the love

उत्तर और मध्य भारत में गर्मी के बीच बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार में गुरुवार को बारिश हुई। वहीं बिहार और हिमाचल प्रदेश में ओले भी गिरे। बिहार के जमुई समेत 5 जिलों में तेज बारिश हुई। राजस्थान के अलवर, टोंक और कोटपूतली-बहरोड़ जिले में गुरुवार दोपहर बाद मौसम बदला और बारिश और ओलावृष्टि हुई। इस दौरान ओले भी गिरे। प्रदेश का तापमान 2°C से 3°C बढ़ सकता है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, जुब्बरहट्टी, सुंदरनगर और कांगड़ा में बारिश हुई। कई जगहों पर बिजली भी गिरी। पिछले 24 घंटों में सिरमौर के सराहन में सबसे ज्यादा 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। आज राज्य के ऊपरी जिलों किन्नौर और मंडी में बर्फबारी और बारिश की संभावना है। 11 से 13 मई तक राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में गुरुवार को बांदा, बिजनौर, शाहजहांपुर, कानपुर देहात और महोबा में तेज बारिश हुई। बिजनौर में सड़क पर CCTV के लिए लगाया गया टावर गिर गया, जिससे बिजली गुल हो गई। बाराबंकी में हाईवे पर फिसलन की वजह से दो डबल डेकर बसें, एक डीसीएम और कई अन्य गाड़ियां टकरा गईं। बस सवार बस्ती निवासी एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। गुजरात का राजकोट देश में सबसे गर्म रहा, यहाँ का तापमान 42.9°C दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में पिछले 7 दिन से आंधी-बारिश का दौर है। आज भी ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी और टीकमगढ़ में बारिश और आंधी हुई। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत प्रदेश के 44 जिलों में गर्मी का असर भी रहेगा। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। केदारनाथ में गुरुवार को ताजा बर्फबारी हुई। पिथौरागढ़ में 18 मिमी और बागेश्वर के सोंग में 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। देशभर से मौसम से जुड़ी तस्वीरें… अगले दिन के मौसम का हाल 9 मई: 10 मई राज्यों से मौसम की खबरें… 1. राजस्थान: 6 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; ओले भी गिरे; जैसलमेर सबसे गर्म रहा भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, अलवर में आंधी-बारिश का अलर्ट है। जयपुर, भरतपुर संभाग में आंधी के साथ हल्की बारिश हुई और ओले गिरे। पश्चिमी राजस्थान में तापमान बढ़ने से गर्मी तेज हो गई है। जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी, बीकानेर में पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। जैसलमेर 45.1 डिग्री तापमान के साथ गुरुवार को सबसे ज्यादा गर्म रहा। पढ़ें पूरी खबर… 2. मध्य प्रदेश: आंधी-बारिश से 34°C से नीचे आया तापमान, ग्वालियर समेत 21 जिलों में आज भी बारिश प्रदेश में आंधी-बारिश के बीच तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को रीवा में पारा 34 डिग्री से नीचे आ गया जबकि ग्वालियर, नौगांव, सीधी और सतना भी ठंडे रहे। कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई। मौसम केंद्र के मुताबिक, शुक्रवार को भी 21 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। 34 जिलों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। पढ़ें पूरी खबर… 3. उत्तर प्रदेश: 28 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 10°C तक लुढ़का पारा, कल से भीषण गर्मी पड़ेगी प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से आंधी बारिश का दौर जारी है। आज भी 28 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट है। 30 अप्रैल से हो रही बारिश से तापमान में 10°C तक गिर गया है। 28 अप्रैल को सबसे ज्यादा 47.6°C तापमान बांदा में रिकॉर्ड किया गया था, जो 7 मई को 38°C तक पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कल से तेज गर्मी पड़ेगी। पढ़ें पूरी खबर… 4. छत्तीसगढ़: 50kmph की रफ्तार से चलेगी आंधी, 4°C तक चढ़ेगा पारा प्रदेश में अगले 5 दिनों तक अंधड़-बारिश के हालात रहेंगे। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में 40 से 50kmph की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है। हालांकि बदलाव का तापमान पर ज्यादा असर नहीं होगा और पारा धीरे-धीरे 2 से 4°C तक बढ़ेगा। 41°C के साथ राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रह। जबकि 20.6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ पेंड्रा रोड में सबसे ज्यादा ठंडक रिकॉर्ड की गई है। पढ़ें पूरी खबर…