आगरा-दिल्ली हाईवे पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। 100 की स्पीड में चलती रोडवेज बस के 2 पहिए निकलकर अलग हो गए। इसके बाद बस बेकाबू होकर 3 बार पलटी, फिर डिवाइडर में जा घुसी। बस की पूरी छत उड़ गई। सीटें उखड़कर सड़क पर बिखर गईं। इधर, बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सभी बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगे। वहां मौजूद राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे। एक-एक कर यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। बस में सवार 12 यात्रियों में 10 बुरी तरह से घायल हैं। हादसे की 3 तस्वीरें… अब पूरा हादसा सिलसिलेवार समझिए
यूपी रोडवेज की बस बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे मथुरा से आगरा के आईएसबीटी की तरफ आ रही थी। बस रुनकता से जैसे ही आगे सिकंदरा के पास पहुंची उसके आगे के 2 पहिए निकल कर अलग हो गए। बस बेकाबू होकर पहले 3 बार पलटी। फिर डिवाइडर से जा टकराई। पहिये का पूरा हिस्सा निकल कर आगरा-मथुरा रोड की साइड पर पहुंच गया। हादसा इतना भयंकर था कि बस के पलटते ही काफी तेज आवाज हुई। जिसे सुनकर आसपास के लोग भागते हुए मौके पर पहुंचे। मदद के लिए चीख रहे घायलों को बस की खिड़की के शीशे तोड़कर अंदर से निकाला। इसी बीच सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। यात्री बोले- ड्राइवर को झपकी आ रही थी, तेज चला रहा था एंबुलेंस की मदद से बस में सवार 10 यात्रियों को एसएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। क्रेन की मदद से बस को हाईवे से हटवाया गया। इधर, हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से भाग निकला। बस में सवार यात्रियों ने पुलिस को बताया- ड्राइवर लवी काफी तेज बस चला रहा था। हादसे से लगभग 10 किमी पहले हम लोगों ने उसे टोका भी था। बस एक-दो जगह भिड़ते-भिड़ते बची थी। इसके बाद भी ड्राइवर नहीं संभला। आखिर में बस पलट ही गई। बस कंडक्टर बोला- मैं सहम गया
हादसे में घायल बस कंडक्टर रूपेंद्र ने बताया- मुझे इतना याद है कि गाड़ी डिवाइडर से टकराई, इससे आगे का मुझे याद नहीं रहा। मैं घबरा गया था, 1-2 मिनट के लिए बेहोश हो गया था। आंख खुली तो देखा कि बस पलटी हुई थी। ये यात्री घायल हुए
धर्म सिंह, चंद्रवति, रूपेंद्र, लक्ष्मी देवी, जितेंद्र, कन्हैया, अरविंद कुमार, सचिन, श्यामवति, मोहित को एसएन मेडिकल कॉलेज में घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है। घायलों में आगरा, इटावा, खेरागढ़ और फिरोजाबाद के यात्री थे। थाना सिकंदरा के इंस्पेक्टर प्रदीप त्रिपाठी ने बताया- हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। कुछ यात्री घायल हुए हैं। बस के आगे के पहिए निकल गए, जिससे बस पलटते हुए डिवाइडर से जा टकराई। ———————- ये खबर भी पढ़ें… लखनऊ अग्निकांड में 15 मौतें, बिल्डिंग ढहाई जाएगी:यूपी के 48 कोचिंग सेंटर सील; अखिलेश बोले- 1 करोड़ मुआवजा मिले लखनऊ की 2 मंजिला इमारत में आग लगने की घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार सुबह 11 बजे हादसे की जांच के लिए SIT और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने इमारत की जांच की। SIT में IPS प्रवीण कुमार और IAS अमृत अभिजात शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें
100 की स्पीड में बस के पहिए निकले,3 बार पलटी:डिवाइडर तोड़कर सड़क के पार गई, यात्री बोले- ड्राइवर को झपकी आ रही थी
