हरियाणा में अगले 48 घंटे बारिश का अलर्ट:हिसार में रात को एक इंच जितने ओले गिरे; राज्य में अधिकतम तापमान 7°C तक लुढ़का

Spread the love

हरियाणा में मई के महीने में मार्च महीने जैसा मौसम बना हुआ है। सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश हुई है, जिससे दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज और कल (5-6 मई) के लिए भी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिली। सबसे ज्यादा बारिश करनाल में 60.5 mm दर्ज की गई। इसके अलावा यमुनानगर में 38.5 mm, हिसार में 32.6 mm और जींद में 19.5 mm बारिश हुई। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण हरियाणा में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7°C नीचे चला गया है। हरियाणा में लगातार दूसरी रात ओले गिरे… रात को हिसार में ओले गिरे
वहीं सोमवार रात को हिसार में तेज बारिश के साथ ओले गिरे हैं। हिसार के आदमपुर, अग्रोहा, बरवाला, किरमारा और खेदड़ एरिया में ओले गिरे। इसके अलावा सिरसा और फतेहाबाद में भी हल्की बारिश देखने को मिली। इससे पहले रविवार देर रात हिसार, भिवानी, सिरसा और महेंद्रगढ़ में बारिश के साथ ओले गिरे थे। पानीपत, गुरुग्राम, नारनौल, फतेहाबाद और जींद में तेज बारिश हुई थी। इसके चलते औसत अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई थी। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… सिरसा में सबसे ज्यादा 35 डिग्री तक पहुंचा पारा : प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7°C कम दर्ज किया गया है। 4 मई को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 35.2°C रहा, जो आमतौर पर इस समय रहने वाले 40°C के स्तर से काफी नीचे है। हिसार जैसे जिलों में तो पारा सामान्य से 9.6°C तक गिरकर 31.1°C पर आ गया। बादल और बारिश के कारण दिन के समय ‘हीटवेव’ का असर गायब हो गया है। रात का पारा सामान्य से 4.2°C नीचे : राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.2°C नीचे गिर गया है। सबसे चौंकाने वाले आंकड़े रोहतक से आए, जहां न्यूनतम तापमान 15.6°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 8.1°C कम है। करनाल में भी पारा 17.2°C तक लुढ़क गया। अधिकांश जिलों में रात का पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने के कारण कूलर और एसी की जरूरत लगभग खत्म हो गई है।