Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

AC कमरों में बनती हैं योजनाएं, जमीन पर क्यों नहीं उतरतीं? IICM के 33वें स्थापना दिवस पर दिग्गजों ने रखे विचार

INT News11 November 2026 at 02:33 am

रांची. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कोल मैनेजमेंट (IICM) के 33वें स्थापना दिवस समारोह में समाजसेवी और शिक्षाविद् पद्मश्री डॉ नारायण सिंह माणकलाव ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जतायी. उन्होंने कहा कि नशा नाश का कारण है. किसी समाज, परिवार या देश को बर्बाद करना हो, तो उसमें नशे की लत डाल दीजिए. आज देश की युवा शक्ति तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रही है.

डॉ माणकलाव ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि समाज में आज सबसे ज्यादा जानकार आइएएस अधिकारी हो गये हैं. वे एसी कमरे में बैठकर योजनाएं बनाते हैं और सभी विषयों के जानकार बन जाते हैं. उनके अनुसार, इसी वजह से योजनाएं जमीन पर नहीं उतर पाती हैं.

तीन दशक की यात्रा का उत्सव है स्थापना दिवस

समारोह में अतिथियों का स्वागत संस्थान के कार्यकारी निदेशक ओपी मिश्र ने किया. उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी. श्री मिश्र ने कहा कि स्थापना दिवस केवल संस्थान के उत्सव का दिन नहीं है, बल्कि यह तीन दशक की यात्रा का उत्सव भी है. उन्होंने कहा कि कोयला उद्योग इस समय परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है.

IICM को समझना यानी कोल इंडिया को समझना

सीएमपीडीआइ के सीएमडी चौधरी शिवराज सिंह ने कहा कि करीब 30 साल पहले कोल इंडिया में तकनीकी बदलाव हो रहा था. वहीं, कोल इंडिया के सीवीओ ब्रजेश त्रिपाठी ने कहा कि कोल इंडिया को समझना है, तो आइआइसीएम को समझिये. उन्होंने कहा कि यह समय चिंतन करने का है.