समाचार · झारखंड
अंबा प्रसाद के समर्थन में उतरा तैलिक साहू महासभा, सरकारी आवास खाली कराने पर उठाये सवाल

रांची. कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के समर्थन में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की रांची जिला इकाई ने आवाज उठायी है. कचहरी स्थित होटल राज रेजिडेंसी में आयोजित प्रेस वार्ता में महासभा के पदाधिकारियों ने अंबा प्रसाद का सरकारी आवास खाली कराने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
रांची जिला अध्यक्ष डॉ रोशन कुमार साहू ने कहा कि अंबा प्रसाद झारखंड की सशक्त महिला नेत्री हैं. दिवाली की पूर्व संध्या पर उनका सरकारी आवास खाली कराने में दिखाई गयी जल्दबाजी कई सवाल खड़े करती है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई उनकी आवाज दबाने और राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश है. उन्होंने सरकार से पूरे मामले की जांच कराने और दोषी अधिकारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
जरूरत पड़ने पर आंदोलन की चेतावनी
प्रदेश महामंत्री मदन कुमार ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाना जनप्रतिनिधियों का अधिकार है. वहीं, युवा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप साहू ने कहा कि तेली समाज अंबा प्रसाद के साथ है. जरूरत पड़ने पर समाज की ओर से चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा. प्रेस वार्ता में अरविंद गुप्ता समेत महासभा के कई पदाधिकारी मौजूद थे.