sports
Asian Para Games 2026: भारत ने रचा इतिहास, 114 पदकों के साथ अभियान का किया शानदार अंत

Asian Para Games 2026: भारत ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में अपने अब तक के सबसे शानदार प्रदर्शन के साथ अभियान का अंत किया. शनिवार को आयोजित क्लोजिंग सेरेमनी के साथ ही भारत का यह ऐतिहासिक सफर समाप्त हुआ. भारतीय पैरा एथलीट्स ने इस बार कुल 114 पदक अपने नाम किए, जिसमें 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे.
भारत ने इस प्रदर्शन के साथ 2022 में हासिल किए अपने 108 पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. पिछली बार भारत ने 27 गोल्ड, 32 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज समेत कुल 108 पदक जीते थे. हालांकि, उस समय शुरुआती तौर पर भारत के खाते में 111 मेडल आए थे, लेकिन डोपिंग मामलों के बाद तीन पदक वापस ले लिए गए थे.
तिरंगे के साथ क्लोजिंग सेरेमनी में उतरा भारत
View on Instagram
एशियन पैरा गेम्स के समापन समारोह में भारतीय दल के खिलाड़ियों ने हाथों में छोटे-छोटे तिरंगे लेकर स्टेडियम में प्रवेश किया. पैरा शूटिंग में दो गोल्ड मेडल जीतने वाली मोना अग्रवाल ने भारतीय दल की अगुआई की. उनके साथ एथलीट निशाद कुमार को को-फ्लैग बियरर बनाया गया.
सबसे खास बात यह रही कि भारत ने यह उपलब्धि पिछली बार की तुलना में करीब आधे दल के साथ हासिल की. 2022 में हांगझोउ में भारत की ओर से 309 पैरा एथलीट्स ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार 2026 एशियन पैरा गेम्स में सिर्फ 168 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया.
100 के पार पहुंचा भारत का मेडल काउंट
भारतीय पैरा स्पोर्ट्स के लिए 114 पदकों तक पहुंचना एक बड़ी उपलब्धि रही. पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने खिलाड़ियों की मेहनत और हौसले को इस सफलता का सबसे बड़ा कारण बताया.
उन्होंने कहा कि 100 पदकों का आंकड़ा पार करके 114 तक पहुंचना भारतीय पैरा स्पोर्ट्स के लिए गर्व का पल है. उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, साहस और दृढ़ संकल्प की तारीफ करते हुए कहा कि देश में पैरा स्पोर्ट्स को मिल रहे समर्थन ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है.
ये भी पढ़ें: Asian Para Games 2026 में संजना का कांस्य, लोहरदगा की बेटी की उपलब्धि पर सांसद ने जताया गर्व
पैरा बैडमिंटन में भारत का जलवा
पैरा बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ियों ने कई यादगार मुकाबले खेले. पैरालंपिक चैंपियन नितेश कुमार ने पुरुषों के SL3 सिंगल्स फाइनल में हमवतन और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन प्रमोद भगत को 21-18, 21-16 से हराकर गोल्ड मेडल जीता.
महिला डबल्स SL3-SU5 में तुलसीमति मुरुगेसन और मानसी गिरिशचंद्र जोशी की जोड़ी ने गोल्ड जीता. तुलसीमति ने महिला सिंगल्स SU5 में सिल्वर भी अपने नाम किया, जबकि नित्या श्री सुमति सिवन को महिला सिंगल्स SH6 में सिल्वर मिला.
पैरा तीरंदाजी में भी ऐतिहासिक उपलब्धि
पैरा आर्चरी में हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने पुरुष रिकर्व डबल्स में गोल्ड मेडल जीता. वहीं पूजा जाटयान और भावना चौधरी की जोड़ी ने महिला रिकर्व डबल्स में सिल्वर हासिल किया. इस सिल्वर के साथ भारत ने इस इवेंट में एशियन पैरा गेम्स का अपना पहला पदक भी हासिल किया.
ये भी पढ़ें: VIDEO: आधी पिच से डाइव लगाकर ग्लेन फिलिप्स ने बचाया अपना विकेट, संजू बोले- दूसरा कोई आउट होता
एथलेटिक्स में रिकॉर्ड की झड़ी
पैरा एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. पुरुषों के जैवलिन थ्रो F37/38 में हनी ने 60.49 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड जीता और T37 कैटेगरी में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. वहीं डेब्यू कर रहे संदीप ने पुरुषों की 400 मीटर T64 रेस 52.28 सेकेंड में पूरी करके गोल्ड जीता और T44 कैटेगरी का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. इसी इवेंट में अजय कुमार ने 53.61 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.
पुरुषों के जैवलिन थ्रो F42-F44/F61-F64 फाइनल में भारत ने तीनों मेडल अपने नाम कर इतिहास रच दिया. सुमित ने 72.46 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड जीता, जबकि महेंद्र गुर्जर ने सिल्वर और संदीप संजय सरगर ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: भारत ने 300वें T20I में दर्ज की 200वीं जीत, एक साथ बने कई बड़े रिकॉर्ड
मोना अग्रवाल ने शूटिंग में रचा इतिहास
पैरा शूटिंग में मोना अग्रवाल का प्रदर्शन भी बेहद खास रहा. उन्होंने महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन SH1 में 357.5 का स्कोर हासिल कर गोल्ड मेडल जीता. इस दौरान उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड और एशियन पैरा गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया. इसके साथ ही मोना इस इवेंट में एशियन पैरा गेम्स पदक जीतने वाली पहली भारतीय पैरा शूटर बन गईं.
टेबल टेनिस और स्विमिंग में भी भारत को पदक
पैरा टेबल टेनिस में जेहान दोराब मदान और शुभम वाधवा ने पुरुष डबल्स क्लास MD4 में ब्रॉन्ज मेडल जीता. 50 साल की उम्र में जेहान भारतीय दल के सबसे उम्रदराज पदक विजेता बने.
पैरा स्विमिंग में हिमांशु नंदल ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल S11 में 1:05.90 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. इस पदक के साथ गेम्स में उनके कुल तीन ब्रॉन्ज मेडल हो गए. एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत के सिर्फ 168 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, लेकिन इस छोटे दल ने 114 पदकों के साथ देश का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन कर दिखाया.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd T20I: 70 रन पर गिरे 5 विकेट, फिर भी भारत ने मैच जीतकर बना डाला ये महारिकॉर्ड