Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

युवक पर रॉड-चाकू-तलवार से हमला, ASI के बेटे पर आरोप:फोन पर गाली-गलौज के बाद 12-15 लोगों ने किया जानलेवा हमला, नाबालिग स​मेत दो पकड़ाए

INT News24 October 2026 at 10:55 pm

कोरबा के शांतिनगर में फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद 12 से 15 लोगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी रात में 8 से 10 बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। उन्होंने युवक के गले पर वार करने की कोशिश की। बीच-बचाव करने आए उसके साथी पर भी हमला किया गया। पुलिस ने मामले में रौनक सिंह (24) को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, शांतिनगर के कुणाल आजाद (21) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे उसके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से फोन आए। फोन करने वाले गाली-गलौज कर रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। कुणाल ने उन्हें कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वे लगातार फोन कर धमकाते रहे। रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच फिर फोन आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच 12 से 15 लोग 8 से 10 बाइक पर सवार होकर शांतिनगर पहुंच गए। उनके पास डंडे, रॉड, चाकू और तलवार थे। आरोपियों ने कुणाल पर हमला कर दिया और उसके गले पर वार करने की कोशिश की। कुणाल ने बचाव किया। परिवार के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे, जिसके बाद उसकी जान बच सकी। आरोपियों ने उसके साथी खिलेश साहू पर भी डंडे, रॉड, चाकू और तलवार से हमला किया। परिजनों ने उसे भी बचाया। दो चाकू और पांच बाइक जब्त मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रेमनगर के रौनक सिंह (24) को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और पांच बाइक जब्त की हैं। ASI के बेटे का नाम भी आया सामने इस मामले में बांकीमोंगरा थाने में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के बेटे का नाम भी सामने आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, एएसआई के बेटे को थाने लाया गया था, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।