Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

रांची में BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का कांग्रेस पर हमला, बोले- संविधान की मर्यादा सबसे ज्यादा तार-तार कांग्रेस ने की; युवाओं के मुद्दे उठायें कार्यकर्ता

INT News24 October 2026 at 10:43 pm

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आज देश में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को चुनौती देने का प्रयास किया जा रहा है. जो लोग आज संविधान की दुहाई देते हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि संविधान की मर्यादा को सबसे ज्यादा तार-तार करने का काम कांग्रेस ने किया है. इन लोगों ने संविधान को अपने परिवार के अनुसार चलाने का काम किया है. आपातकाल लगाने से लेकर देश में नैतिक मूल्यों का हनन करने तक का काम कांग्रेस ने किया है. इन्होंने देश में अराजकता फैलाने का काम किया है. आज राहुल गांधी देशविरोधी ताकतों के टूलकिट के रूप में काम कर रहे हैं, जो विदेशों से ऑपरेट हो रहा है. श्री नवीन शनिवार को कांके के सुकुरहुटू स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि देश में अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है. आज जिस तरह से देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश की जा रही है, उससे हमें सतर्क रहना है. वहीं, एसआइआर पर सवाल उठाने वालों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष को नागरिकों के अधिकार से ज्यादा घुसपैठियों को संरक्षण देने की चिंता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के दौरान मेडिकल परीक्षा प्रणाली पर माफिया राज हावी था, जिसे उनकी सरकार ने पूरी तरह दुरुस्त किया.

युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठायें

श्री नवीन ने भाजपा नेताओं को निर्देश दिया कि वे झारखंड के युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठायें और कांग्रेस तथा गठबंधन सरकार के अराजक माहौल के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करें. उन्होंने विधानसभा स्तर के मुद्दों को निकालकर संघर्ष करने पर बल दिया. कानून-व्यवस्था के विषय पर जनता को साथ लेकर आंदोलन करने की बात कही.

मोदी सरकार ने असंभव को संभव कर दिखाया : आदित्य साहू

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं को हनुमान की संज्ञा देते हुए कहा कि आप सभी को राज्य से भ्रष्ट सरकार को उखाड़कर भाजपा की विकास वाली सरकार बनानी है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने अपनी योजनाओं में गरीबों की चिंता की. आज से पहले कांग्रेस की सरकार चुनाव के बाद गरीबों को भूल जाती थी. नरेंद्र मोदी सरकार ने असंभव को संभव कर दिखाया है.

उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है. झारखंड में आज खनिज पदार्थों की लूट मची हुई है. झारखंड की स्थानीय भाषा के आधार पर नौकरी नहीं मिलती है. पैसे लेकर बाहरी लोगों को नौकरी बेची जा रही है.

बैठक में मौजूद प्रमुख नेता

बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सह प्रभारी निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, चंपाई सोरेन, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, यदुनाथ पांडेय, अभयकांत प्रसाद, दिनेशानंद गोस्वामी, राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, गीता कोड़ा, गणेश मिश्रा, अमर बाउरी, मनोज सिंह आदि शामिल हुए.