Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश के 4 हॉकी खिलाड़ी भारतीय टीम में:अब एशिया में दिखाएंगे दम, मस्कट में 20 से 25 जुलाई तक होगी यूथ हॉकी

INT News14 July 2026 at 10:05 pm

मध्यप्रदेश की हॉकी प्रतिभा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना जलवा दिखाने जा रही है। मध्यप्रदेश राज्य हॉकी अकादमी के चार खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में यूथ हॉकी एशियन चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 20 से 25 जुलाई तक ओमान के मस्कट में आयोजित होगी। पुरुष वर्ग में गोलकीपर आयुष रजक और करण गौतम, जबकि महिला वर्ग में गोलकीपर महक परिहार और फॉरवर्ड नौशीन नाज़ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। चार खिलाड़ियों का एक साथ भारतीय टीम में चयन प्रदेश की हॉकी अकादमी की मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था और लगातार तैयार हो रही प्रतिभाओं का प्रमाण माना जा रहा है। खास बात यह है कि पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में मध्यप्रदेश की बराबर भागीदारी रही है। इन चारों खिलाड़ियों ने हाल ही में जापान के काकामिगाहारा में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भी शानदार प्रदर्शन किया था। आयुष रजक और करण गौतम भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा रहे, जिसने फाइनल जीतकर एशियाई खिताब अपने नाम किया। वहीं महक परिहार और नौशीन नाज़ ने भारतीय महिला टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। महिला टीम की स्टार फॉरवर्ड नौशीन नाज़ पूरे टूर्नामेंट में 12 गोल दागकर सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बनी थीं। अब वे हॉकी-5s के तेज और चुनौतीपूर्ण प्रारूप में भी भारत की बड़ी उम्मीदों में शामिल होंगी। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने चारों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की खेल अकादमियां लगातार ऐसे खिलाड़ी तैयार कर रही हैं, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मस्कट में होने वाली प्रतियोगिता में भी प्रदेश के खिलाड़ी भारत को पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।