समाचार · मध्य प्रदेश
डोडाचूरा तस्करी मामले में पूर्व नपाध्यक्ष प्रतिनिधि गिरफ्तार:2023 के तस्करी मामले में फरार था; नीमच की मनासा पुलिस ने पकड़ा
नीमच जिले की मनासा पुलिस ने 2023 के बहुचर्चित अवैध डोडाचूरा तस्करी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी आरोपी सुरेश जाट (51) को गिरफ्तार कर लिया है। सरवानिया महाराज निवासी आरोपी क्षेत्र का रसूखदार राजनीतिक चेहरा माना जाता है।वह सरवानिया महाराज की पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष पुखराज जाट के पति है, जो 2014 से 2019 तक नगर परिषद अध्यक्ष थी। पुलिस को चकमा देकर पहले हुआ था फरार पुलिस के अनुसार, तीन दिन पहले भी कंजार्डा चौकी पुलिस ने आरोपी सुरेश जाट को पकड़ने की कोशिश की थी। उस समय वह अपने ठिकाने पर ही मौजूद था, लेकिन पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से भागने में सफल रहा था। इसके बाद से ही मनासा पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी कर रही थीं। 2023 के तस्करी मामले में नाम आने पर था फरार यह पूरा मामला 11 अक्टूबर 2023 का है, जब मनासा थाना पुलिस ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा जब्त किया था। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया था। मामले में पकड़े गए अन्य आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया था कि जब्त डोडाचूरा की सप्लाई सुरेश जाट ने ही की थी। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था, जिस पर एसपी ने ₹5,000 का इनाम घोषित किया था। थाना प्रभारी की टीम को मिली सफलता मनासा थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी को धरदबोचा। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का खुलासा हो सके।