Tuesday, 3 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

कलेक्टर-SDM के खिलाफ आपत्तिजनक कमेंट वाला स्टेटस व्हाट्सएप पर लगाया:सरपंच बोला- बेटे से हुई गलती, शिकायत पर केस दर्ज; गिरफ्तार कर जेल भेजा

INT News2 November 2026 at 10:53 pm

दुर्ग जिले में कलेक्टर और एसडीएम के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाला व्हाट्सएप स्टेटस लगाने के मामले में पुलिस ने समोदा के सरपंच अरुण गौतम को गिरफ्तार किया है। सोमवार को एसडीएम कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईटी एक्ट की धारा 67 समेत अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया था। सरपंच ने सफाई में कहा था कि उनके 8 साल के बेटे ने गलती से स्टेटस लगाया था, जिसे जानकारी मिलते ही हटा दिया गया। पुलिस के मुताबिक, सरपंच के खिलाफ पहले भी बांड भरवाने की कार्रवाई हो चुकी है। अब बांड जब्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। व्हाट्सएप स्टेटस पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा गांव का है। पुलिस के अनुसार, गांव के जितेंद्र देशमुख ने शिकायत की थी कि सरपंच अरुण गौतम ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर कलेक्टर और एसडीएम के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा लिखी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच की और आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया। एसडीएम कार्यालय ने भी भेजा था ज्ञापन इस मामले में दुर्ग ग्रामीण एसडीएम कार्यालय की ओर से भी पुलिस को ज्ञापन भेजा गया था। 27 अक्टूबर 2026 को जारी ज्ञापन में व्हाट्सएप स्टेटस की जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा गया था। 28 अक्टूबर को ज्ञापन मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। सरपंच ने दी थी सफाई विवाद सामने आने के बाद सरपंच अरुण गौतम ने कहा था कि उनके 8 साल के बेटे ने गलती से एक मैसेज व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया था। जानकारी मिलते ही उन्होंने उसे हटा दिया था। सरपंच ने इसे अपने खिलाफ साजिश बताते हुए विरोधियों पर आरोप लगाए थे। पहले भी भरवाया गया था बांड पुलिस के मुताबिक, अरुण गौतम के खिलाफ पहले भी बांड भरवाने की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की बात सामने आने पर बांड जब्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। मौजूदा मामले में गिरफ्तारी के बाद उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।