Tuesday, 3 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

आदित्यपुर में रिश्ते शर्मसार : इंजीनियर बड़े भाई ने डॉक्टर छोटे भाई पर चला दी गोली, जानें क्या था विवाद, पढ़ें पूरी खबर

INT News3 November 2026 at 12:12 am

जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर स्थित आवास में संपत्ति विवाद को लेकर एक खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है. संपत्ति के विवाद में बड़े भाई इंजीनियर सत्यप्रकाश सुधांशु ने अपने ही छोटे भाई व 111सेव लाईफ नर्सिंह होम के संचालक डॉ.ओपी आनंद को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया.गोली डॉ.ओपी आनंद के पीठ में लगी है. घटना रात करीब 10 बजे की है.घायल चिकित्सक का इलाज जमशेदपुर के टिनप्लेट टाटा मेन हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बड़े भाई इंजीनियर सत्यप्रकाश सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर फायरिंग में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है. बरामद हथियार लाइसेंसी है.

जिम से लौटने के बाद अचानक हुआ हमला

घायल डॉक्टर ओपी आनंद के अंगरक्षक अमित कुमार ने घटना की आपबीती बताते हुए कहा कि डॉ. ओपी आनंद जिम से लौटकर अपने घर आये थे. इसी दौरान उनके बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु अचानक पिस्तौल लेकर नीचे उतरे और छोटे भाई पर गोली चला दी. गनीमत यह रही कि अंगरक्षक अमित कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए सुधांशु को तुरंत खींचकर पीछे हटा लिया, जिससे पहली गोली निशाने पर नहीं लगी और दूसरी गोली जमीन पर जा लगी. घटना के संबंध में डॉक्टर की बेटी आर्या आनंद ने बताया कि बड़े पापा (सत्यप्रकाश सुधांशु) ने ही उनके पिता पर गोली चलायी थी. गोली चलाने के बाद आरोपी बड़े पापा चुपचाप अपने कमरे में चले गये.उनके पास दो लाइसेंसी पिस्तौल है. जिसमें एक बड़े पापा सत्यप्रकाश सुधांशु के नाम पर और दूसरा बड़ी मम्मी के नाम पर है. उनलोगों ने हथियार कमरे में छुपा लिया है. परिजनों और पीड़ित पक्ष ने पुलिस से सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

वर्ष 2024 में पश्चिमी विधानसभा से चुनाव लड़ चुके है डॉ.ओपी आनंद

गोलीबारी की इस घटना में घायल डॉ. ओपी आनंद जाने-माने चिकित्सक हैं और वे '111 सेव लाइफ नर्सिंग होम' के संचालक के रूप में जाने जाते हैं. इसके अलावा उनकी सामाजिक और राजनीतिक सक्रियता भी रही है, जिसके तहत वे वर्ष 2024 में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय टेंपो छाप पर चुनाव भी लड़ चुके हैं. उन पर गोली चलाने वाले बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु पेशे से इंजीनियर हैं और उनके पास लाइसेंसी पिस्तौल है, जिसका इस्तेमाल इस वारदात को अंजाम देने में किया गया.

पुलिस और प्रशासनिक अमले की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. एसपीओ सरायकेला अनुभव भारद्वाज के साथ-साथ आदित्यपुर और आरआईटी थाना की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके की घेराबंदी की और घटनास्थल से दो खोखे बरामद किये.

संपत्ति विवाद में फायरिंग : एसडीपीओ

सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया - संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर फायरिंग की है. आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनकी निशानदेही पर फायरिंग में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद कर लिया गया है. हथियार लाइसेंसी है.