Tuesday, 3 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

अदालतों का तकनीकी आधुनिकीकरण समय की जरूरत, CJI सूर्यकांत ने रांची में कही ये बात

INT News2 November 2026 at 11:39 pm

रांची : भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने सोमवार को रात लगभग 9:30 बजे झारखंड हाइकोर्ट में डाटा सेंटर का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि न्याय को सरल बनाया जाना चाहिए और यह सभी के लिए सुलभ होना चाहिए. चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि अदालतों का तकनीकी आधुनिकीकरण समय की जरूरत है. उन्होंने कहा, मामलों की जानकारी और डाटा समय पर न्याय देने के लिए बेहद अहम हैं. वकीलों, वादियों और न्यायाधीशों, सभी को न्याय के लिए समय पर जानकारी की जरूरत होती है.

जस्टिस अपरेश कुमार सिंह भी रहे मौजूद

उन्होंने आगे कहा कि न्याय का प्रशासन न्यायिक संस्थान की जिम्मेदारी है, लेकिन समाज की अंतिम पंक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए जानकारी की उपलब्धता बेहद जरूरी है. इस मौके पर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस एस. चंद्रशेखर और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह भी मौजूद थे, जो पहले झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश रह चुके हैं. सीजेआई सूर्यकांत ने झारखंड हाइकोर्ट की नयी वेबसाइट और उसका आईओएस ऐप भी लॉन्च किया. साथ ही उन्होंने अधीनस्थ न्यायपालिका के सदस्यों को कानूनी सॉफ्टवेयर 'सुप्रीम टुडे' का एआई संस्करण और स्पीच-टू-टेक्स्ट सॉफ्टवेयर ड्रैगन' वितरित किया.

ये भी पढ़ें... पीरटांड़ के मवेशी अस्पताल में लगी आग, फ्रिज-दवाइयां और दस्तावेज जलकर राख

न्यायपालिका का डिजिटल रूपांतरण

झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने कहा कि डाटा सेंटर केवल सर्वर और केबल का नाम नहीं, बल्कि अदालत की 'जीवंत स्मृति' है. यह हाईकोर्ट के रिकॉर्ड का सुरक्षित संरक्षक होगा. उन्होंने कहा कि न्याय के उद्देश्य को सुरक्षित करने के लिए न्यायपालिका का डिजिटल रूपांतरण जरूरी है. झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत भाषण किया. वही झारखंड हाइकोर्ट के न्यायाधीश और कंप्यूटर एवं डिजिटाइजेशन कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस आनंद सेन ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि डाटा सेंटर वकीलों, वादियों और न्यायपालिका को तकनीकी सहयोग देने में लंबा सफर तय करेगा.

ये लोग थे मौजूद

इस अवसर पर झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद, जस्टिस राजेश शंकर, जस्टिस अनिल कुमार चौधरी सहित अन्य न्यायाधीश गण, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी तदाशा मिश्रा, महाधिवक्ता रोहित राय, झारखंड स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला सहित वरीय अधिवक्ता हाईकोर्ट रजिस्ट्री के अधिकारी गण उपस्थित है.