समाचार · झारखंड
दूरदर्शन रांची में कृषि प्रसार पर कार्यशाला, किसानों तक उपयोगी जानकारी पहुंचाने पर जोर

रांची : दूरदर्शन केंद्र, रांची में सोमवार को कृषि प्रसार कार्यक्रमों के पुनर्गठन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गयी. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ‘मास मीडिया सपोर्ट टू एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन’ योजना के तहत आयोजित इस कार्यशाला में कृषि आधारित कार्यक्रमों के निर्माण, प्रसारण, प्रबंधन और डिजिटल माध्यमों पर उनके प्रभावी संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय प्रसाद (डीडीजी सेल्स) उपस्थित थे.
कृषि कार्यक्रमों की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
कार्यक्रम प्रमुख सुधीर कुमार ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य कृषि प्रसार कार्यक्रमों की गुणवत्ता में सुधार करना, कार्यक्रम निर्माण और प्रसारण की प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाना तथा विभिन्न दूरदर्शन केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है.
ये भी पढ़ें... पीरटांड़ के मवेशी अस्पताल में लगी आग, फ्रिज-दवाइयां और दस्तावेज जलकर राख
सोशल मीडिया संचालन और वित्तीय प्रबंधन पर चर्चा
कार्यशाला में कार्यक्रमों के निर्माण एवं प्रसारण, सोशल मीडिया संचालन, वित्तीय प्रबंधन, कार्यक्रमों और रॉ फुटेज के आदान-प्रदान, संगीत एवं अन्य सामग्री के संग्रहण और अभिलेखीकरण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की गयी. उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और भविष्य में विभिन्न केंद्रों के बीच कार्यक्रम सामग्री के पारस्परिक उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई.
किसानों के लिए उपयोगी कार्यक्रम बनाने पर बल
कार्यशाला में कृषि प्रसार से जुड़े कार्यक्रमों को अधिक उपयोगी, गुणवत्तापूर्ण और किसान हितैषी बनाने पर विशेष जोर दिया गया. प्रतिभागियों को कार्यक्रम निर्माण से लेकर प्रसारण और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सामग्री के प्रचार-प्रसार तक की प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी गयी. वक्ताओं ने कहा कि दूरदर्शन कृषि की नवीन तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियों, सरकारी योजनाओं और किसानों के लिए उपयोगी जानकारियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है. ऐसी कार्यशालाएं कार्यक्रमों की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ कृषि क्षेत्र में जनसंचार की भूमिका को भी मजबूत करेंगी.
ये भी पढ़ें... अदालतों का तकनीकी आधुनिकीकरण समय की जरूरत, CJI सूर्यकांत ने रांची में कही ये बात
विभिन्न दूरदर्शन केंद्रों के अधिकारी हुए शामिल
कार्यशाला में अश्वनी कुमार, गौतम कुमार वर्मा, अनूप खजूरिया (सलाहकार, डीडी किसान), शालिनी कुशवाह, नीलेश रघुवंशी, सुरेश चंद मीणा, वीरेंद्र कुमार परिहार, श्याम नारायण चौधरी, शम्स हैदर नकवी, विवेक आजाद, देबाशीष हलदर, बिस्वा कुमार दास, नीलम सोना, मुकेश के. चंद्राकर, सुरजीत नस्कर, अब्दुल शकूर हुसैनी और सायन चटर्जी सहित विभिन्न दूरदर्शन केंद्रों के अधिकारी एवं कार्यक्रम निर्माण से जुड़े कर्मी उपस्थित थे.
ये लोग थे मौजूद
रांची दूरदर्शन केंद्र से कार्यालय प्रमुख केके साहू, कार्यक्रम अधिशासी सुशील कुमार, पूर्णिमा कुमारी, सुभाष कुमार, गोविंद झा, अमन कुमार, अमन गुप्ता और प्रभात रंजन ने भी हिस्सा लिया. कार्यशाला का समापन कृषि प्रसार कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम उपयोग के संकल्प के साथ हुआ.