समाचार · मध्य प्रदेश
पन्ना में अनियंत्रित बाइक पलटी, चार घायल:एक युवक का चेहरे में गंभीर चोट; शाहनगर सीएचसी में भर्ती
शाहनगर थाना क्षेत्र के बिसानी मोड़ पर बाइक सवार चार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में राजेंद्र आदिवासी नामक युवक के चेहरे और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। अभिलाष आदिवासी ने बताया कि बाइक पर बिसानी निवासी राजेंद्र आदिवासी सहित कुल चार लोग सवार थे। सभी युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे, जिसके कारण तेज रफ्तार वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और बाइक सड़क किनारे जा गिरी। डायल 112 की टीम ने अस्पताल पहुंचाया हादसे के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने लहूलुहान अवस्था में घायलों को इलाज के लिए शाहनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात बीएमओ डॉ. सर्वेश कुमार लोधी ने घायलों, विशेषकर राजेंद्र आदिवासी का प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टर के अनुसार, राजेंद्र आदिवासी को चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी घटना की सूचना मिलने के बाद शाहनगर थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने नशे में वाहन चलाने से होने वाले हादसों पर चिंता व्यक्त की है और ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।