समाचार · हरियाणा
महेंद्रगढ़ में बाइक चोरी का आरोपी 10 घंटे में काबू:झाड़ियों में छिपाई थी मोटरसाइकिल, भिवानी का रहने वाला
महेंद्रगढ़ पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले में आरोपी को सिर्फ 10 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है। आरोपी की पहचान भिवानी के खरक कलां निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। उसे खुडाना में उसकी बहन के घर से पकड़ा गया। आदलपुर गांव के जयवीर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे वे अपनी बाइक से आकोदा आए थे। वे वर्षा टेंट हाउस के पास मोबाइल रिचार्ज और घर का सामान लेने गए थे। उन्होंने अपनी बाइक दुकान के बाहर खड़ी की थी। करीब 10 मिनट बाद जब वे लौटे, तो बाइक वहां नहीं मिली। किसी अज्ञात शख्स ने उनकी बाइक चोरी कर ली थी। जयवीर ने पुलिस से बाइक ढूंढने और आरोपी पर कार्रवाई करने की मांग की थी। 10 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार शिकायत मिलते ही सदर महेंद्रगढ़ पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय जांच के आधार पर अहम सुराग जुटाए। इसके बाद 8 सितंबर को सिर्फ 10 घंटे के अंदर आरोपी प्रदीप को खुडाना से गिरफ्तार कर लिया गया। झाड़ियों में छिपाई बाइक पुलिस पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि उसने चोरी की बाइक को झाड़ियों में छिपा दिया था, ताकि किसी की नजर उस पर न पड़े। पुलिस टीम ने आरोपी की बताई जगह से चोरी की बाइक बरामद कर ली। यह बाइक उसके असली मालिक जयवीर को सौंप दी गई है। गिरफ्तार आरोपी प्रदीप को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस की लोगों से अपील महेंद्रगढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि चोरी या किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, चौकी या डायल 112 पर दें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस तेजी से कार्रवाई कर सकती है। इससे आरोपियों को पकड़ने और चोरी की संपत्ति बरामद करने में मदद मिलती है।