Wednesday, 9 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मुंगावली में भू-अधिकार पट्टों पर कांग्रेस नेता के आरोप:बोले- वोट के बदले दिए फर्जी पट्टे; विधायक ने आरोपों को निराधार बताया

INT News9 September 2026 at 01:52 pm

अशोकनगर जिले के मुंगावली में भू-अधिकार पट्टों को लेकर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव यादवेंद्र सिंह यादव ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के वार्ड 15 में रहने वाले लोगड़िया समाज के परिवारों को 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने के बदले फर्जी पट्टे दिए गए। यादवेंद्र सिंह ने अपनी पोस्ट के साथ इन भू-अधिकार पट्टों की तस्वीरें भी शेयर की हैं। यादवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वे कृषि उपज मंडी के पीछे स्थित बस्ती में गए थे। यहां आदिवासी और लोगड़िया समाज के 31 परिवार रहते हैं। परिवारों ने उन्हें भू-अधिकार पत्र दिखाए। उनका कहना था कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने के बदले उन्हें पट्टे के कागज दिए गए थे। परिवारों के मुताबिक, कागज मिलने के बाद भी उन्हें जमीन पर कब्जा नहीं मिला है। यादवेंद्र सिंह ने इन दस्तावेजों की तस्वीरें एसडीएम को भेजकर जानकारी मांगी थी। उन्होंने दस्तावेजों की सील और हस्ताक्षर पर भी सवाल उठाए थे। यादवेंद्र सिंह के अनुसार, एसडीएम ने इन दस्तावेजों को फर्जी बताया था। विधायक बोले- नियम के मुताबिक दिए गए पट्टे मुंगावली विधायक बृजेंद्र सिंह यादव ने कांग्रेस नेता के आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के जरिए प्रशासन ने नियमों के मुताबिक इन लोगों को भू-अधिकार पट्टे दिए हैं। विधायक के मुताबिक, जिन जगहों के लिए पट्टे दिए गए हैं, वहीं पर परिवारों को जमीन भी मिली है। इन परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर भी मंजूर हुए हैं। इन्हें जल्द बनाया जाएगा। एसडीएम बोले- दो दिन में जांच के बाद स्थिति साफ होगी एसडीएम बृज विहारी लाल श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें भेजे गए कागजों में सर्वे नंबर नहीं दिख रहा था। इसी वजह से शुरुआत में दस्तावेजों पर शक हुआ था। नगर पालिका सीएमओ से जानकारी लेने पर पता चला कि 31 लोगों को भू-अधिकार पट्टे दिए गए हैं। एसडीएम ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद दो दिन में स्थिति साफ हो जाएगी।