समाचार · झारखंड
बाबूलाल मरांडी की सरकारी गाड़ी खराब, झामुमो ने ई-20 पेट्रोल को बताया संभावित वजह

रांची. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपना सरकारी वाहन लौटा दिया है. उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की है कि रास्ते में ही वाहन खराब हो जाता है. इस मामले पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय बबलू ने प्रतिक्रिया दी है. मनोज पांडेय ने कहा कि यह ऐसा मामला नहीं है, जिसके लिए सीधे मुख्यमंत्री को पत्र लिखा जाये. बाबूलाल मरांडी इस संबंध में मुख्य सचिव या गृह सचिव को भी पत्र लिख सकते थे. उन्होंने आरोप लगाया कि सुर्खियों में बने रहने के लिए बाबूलाल मरांडी मुख्यमंत्री को पत्र लिखते हैं.
ई-20 पेट्रोल को बताया गाड़ियों में खराबी की वजह
झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि सरकार में शामिल लोगों के साथ-साथ निजी वाहनों में भी खराबी आती है. उन्होंने दावा किया कि ई-20 पेट्रोल के कारण इन दिनों कई गाड़ियों में खराबी आ रही है. संभव है कि बाबूलाल मरांडी का वाहन भी इसी वजह से खराब हुआ हो. मनोज पांडेय ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को इस मामले में प्रधानमंत्री या केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर शिकायत करनी चाहिए.