समाचार · झारखंड
देवघर की पूर्णिमा और लक्ष्मी का झारखंड क्रिकेट टीम में चयन; BCCI टूर्नामेंट में खेलेंगी मैच

वरीय संवाददाता, देवघर: मुफ़लिसी और तंगहाली की पिचों पर संघर्ष करते हुए देवघर की दो बेटियों ने कामयाबी का ऐसा छक्का लगाया है, जिससे पूरा जिला गौरवान्वित है. मुर्गी बेचने की दुकान चलाने वाले हरिनारायण मंडल की बेटी पूर्णिमा कुमारी और खाना बनाने का काम करने वाले तुलसी मंडल की बेटी लक्ष्मी कुमारी का चयन झारखंड अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है. दोनों खिलाड़ी BCCI की ओर से आयोजित अंडर-19 स्टेट चैंपियनशिप टी-20 सत्र 2026-27 में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी.
सीमित संसाधनों के बीच जिंदा रखा क्रिकेट का जुनून
बेहद साधारण और गरीब पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली इन दोनों बेटियों के लिए यह मुकाम हासिल करना आसान नहीं था. घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के बावजूद पूर्णिमा और लक्ष्मी ने सीमित संसाधनों में भी क्रिकेट के प्रति अपना जुनून जिंदा रखा. पूर्णिमा जहाँ दाएं हाथ की एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं, वहीं लक्ष्मी दाएं हाथ की घातक ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं. दोनों की नियमित कड़ी मेहनत और मैदान पर लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर आज उनका चयन राज्य की टीम में हुआ है.
जिला क्रिकेट संघ से मिला भरपूर सहयोग
इन दोनों होनहार खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता में देवघर जिला क्रिकेट संघ के मार्गदर्शन और सहयोग की भी अहम भूमिका रही. संघ के सचिव बिजय झा सहित अन्य पदाधिकारियों ने दोनों बेटियों को सही ट्रेनिंग, अभ्यास के लिए ग्राउंड और प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के हर जरूरी मौके उपलब्ध कराए.
जिला क्रिकेट संघ और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल
देवघर की इन दोनों बेटियों के झारखंड टीम में चयन की खबर मिलते ही देवघर जिला क्रिकेट संघ और स्थानीय खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है. संघ ने दोनों खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि वे नेशनल लेवल पर भी बेहतरीन प्रदर्शन कर भारतीय टीम का रास्ता तय करेंगी.