Thursday, 9 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मोहनखेड़ा में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू:उमंग सिंघार, बोले- बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें

INT News9 July 2026 at 09:37 pm

धार जिले के मोहनखेड़ा में गुरुवार से कांग्रेस का दो दिवसीय बुनियादी एवं राजनीतिक प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। इसमें मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शामिल हुए। शिविर में पहुंचने से पहले उमंग सिंघार ने मोहनखेड़ा महातीर्थ में भगवान श्री आदिनाथ दादा के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने आचार्य सम्राट राजेंद्रसूरी गुरुदेव के चरणों में वंदन किया। साथ ही प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने मुनि भगवंत दिव्यचंद्र विजय महाराज और मुनि जितचंद्र विजय महाराज का आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान बदनावर विधायक भंवर सिंह शेखावत, सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल और जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी भी मौजूद रहे। इसके बाद उमंग सिंघार प्रशिक्षण शिविर पहुंचे। यहां ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और भगवान टंट्या मामा के चित्रों पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रशिक्षण सत्र शुरू हुआ। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच भेजकर विचारधारा से जोड़ेंगे

उमंग सिंघार ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में ऐसे प्रशिक्षण शिविरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने, जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले, प्रदेश प्रवक्ता आनंद जाट, प्रदेश सह-प्रभारी प्रोमिल मित्रा और महेंद्र जोशी ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने संगठन, संविधान, सरकारी नीतियों और आगामी चुनावों की तैयारियों पर जानकारी दी। शिविर में जिले के ब्लॉक, नगर और मंडलम अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को राजनीतिक और वैचारिक प्रशिक्षण देना तथा आगामी चुनावों के लिए तैयार करना है।