समाचार · मध्य प्रदेश
नीमच बस स्टैंड पर बोरे में मिला डोडाचूरा:चेकिंग के डर से माल छोड़ भागा तस्कर; पुलिस ने कट्टा जब्त कर जांच शुरू की
नीमच शहर के मुख्य बस स्टैंड परिसर में गुरुवार शाम को भारी मात्रा में डोडाचूरा से भरा एक लावारिस कट्टा मिला। सार्वजनिक स्थान पर नशीले पदार्थ की खेप होने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कट्टे को अपने कब्जे में ले लिया। चेकिंग के डर से माल छोड़कर भागा तस्कर शुरुआती जांच में सामने आया है कि डोडाचूरा को लावारिस हालत में जानबूझकर छोड़ा गया था। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता या चेकिंग के डर से तस्कर माल को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अभी तक बरामद डोडाचूरा की सटीक मात्रा और उसके स्रोत के बारे में कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि यह मामला मादक पदार्थों की अंतर्राज्यीय या स्थानीय तस्करी से जुड़ा हो सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और सीसीटीवी की जांच शुरू पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की यह खेप बस स्टैंड तक कैसे पहुंची और इसे किसने छोड़ा। संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने के लिए पुलिस की एक टीम बस स्टैंड और उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।