समाचार · बिहार
गोपालगंज की ADM राजेश्वरी पांडेय के 4 ठिकानों पर SVU की छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा; जानिए पूरा मामला

ADM Rajeshwari Pandey: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने गोपालगंज की अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) राजेश्वरी पांडेय के चार ठिकानों पर शुक्रवार को एक साथ छापेमारी की गई. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के दौरान करीब 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध संपत्ति का खुलासा होने की जानकारी सामने आई है. एसवीयू के अनुसार, यह संपत्ति उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से 135.23 प्रतिशत अधिक बताई गई है.
तलाशी के दौरान 12 अचल संपत्तियों, 35 बैंक खातों में जमा करीब 1.49 करोड़ रुपये, 32 लाख रुपये के जेवर, 8.50 लाख रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट और 1.85 लाख रुपये नकद से संबंधित जानकारी मिली है. इसके अलावा, विभिन्न कंपनियों के शेयरों और म्यूचुअल फंड में निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं. जांच एजेंसी को संपत्तियों की खरीद, महंगी वस्तुओं और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई कागजात हाथ लगे हैं.
एसवीयू की यह कार्रवाई पटना, गोपालगंज और रोहतास जिले में की गई. अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी में मिले दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. बरामद सामग्री और संपत्तियों के वास्तविक मूल्य का आकलन जांच के आगे बढ़ने के साथ किया जाएगा.
पटना, गोपालगंज और रोहतास में चार ठिकानों पर छापेमारी
विशेष निगरानी इकाई ने राजेश्वरी पांडेय के चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया. इनमें पटना स्थित उनका आवास, गोपालगंज समाहरणालय स्थित कार्यालय, गोपालगंज में सरकारी आवास और रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के ठोरसन गांव स्थित पैतृक तथा उनके स्तर से निर्मित मकान शामिल हैं.
पटना में रूपसपुर थाना क्षेत्र के आरपीएस स्कूल के पास भवानी सिटी अपार्टमेंट स्थित फ्लैट नंबर 206 में तलाशी ली गई. इस दौरान नकदी, जेवर और महंगी वस्तुओं की खरीद से संबंधित बिल-वाउचर बरामद होने की जानकारी दी गई है. गोपालगंज स्थित कार्यालय और सरकारी आवास के साथ रोहतास के ठोरसन गांव में भी दस्तावेजों की जांच की गई. अन्य ठिकानों से मिले कागजात की भी पड़ताल जारी है.
32 लाख के जेवर और 1.85 लाख रुपये नकद मिले
एसवीयू के अनुसार, पटना स्थित आवास की तलाशी के दौरान करीब 1.85 लाख रुपये नकद और लगभग 32 लाख रुपये मूल्य के जेवर मिले हैं. इसके साथ ही कई महंगी वस्तुओं की खरीद से संबंधित बिल और वाउचर भी बरामद किए गए हैं.
तलाशी के दौरान 8.50 लाख रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े दस्तावेज मिलने की भी जानकारी दी गई है. जांच एजेंसी इन दस्तावेजों के आधार पर निवेश के स्रोत और संपत्ति अर्जित करने में खर्च की गई राशि का सत्यापन कर रही है.
35 बैंक खातों में 1.49 करोड़ रुपये जमा
जांच के दौरान चार अलग-अलग बैंकों में कुल 35 बैंक खातों का पता चला है. एसवीयू की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इन खातों में कुल 1,49,17,400 रुपये जमा हैं. एजेंसी इन खातों के लेनदेन, जमा राशि के स्रोत और संबंधित वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर रही है.
एसवीयू के विवरण में बैंक खातों की जमा राशि, अचल संपत्तियों और अन्य निवेशों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये की संपत्ति का उल्लेख किया गया है. एजेंसी ने आवास से मिले दस्तावेजों के आधार पर 3,12,47,400 रुपये की संपत्ति संबंधी जानकारी सामने आने की बात भी कही है. इस राशि और शुरुआती तौर पर बतायी गई 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की कथित आय से अधिक संपत्ति के आकलन का अंतिम मिलान जांच के दौरान किया जाना बाकी है.
स्वयं, पत्नी और पुत्र के नाम पर 12 अचल संपत्तियां
एसवीयू की जांच में राजेश्वरी पांडेय, उनकी पत्नी और पुत्र के नाम पर कुल 12 अचल संपत्तियों का पता चलने की जानकारी दी गई है. इन संपत्तियों में विभिन्न स्थानों पर खरीदे गए भूखंड और फ्लैट शामिल बताए गए हैं. इनका अनुमानित मूल्य करीब 1.32 करोड़ रुपये बताया गया है.
जांच एजेंसी के अनुसार, पटना, रोहतास के पैतृक गांव ठोरसन और अन्य स्थानों पर संपत्तियां खरीदे जाने से जुड़े दस्तावेज मिले हैं. अब इन संपत्तियों की खरीद की तारीख, भुगतान के स्रोत और संबंधित आय के विवरण का मिलान किया जा रहा है.
LIC, शेयर और म्यूचुअल फंड में निवेश की भी जांच
तलाशी के दौरान विभिन्न वित्तीय संस्थानों और कंपनियों में निवेश से संबंधित दस्तावेज मिलने की जानकारी दी गई है. इनमें एलआईसी, एनएसएस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस तथा अडाणी पावर, हबटाउन और हिंदुस्तान लीवर समेत अन्य कंपनियों के शेयरों का उल्लेख है. म्यूचुअल फंड में निवेश से संबंधित रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में हैं.
एसवीयू अब इन निवेशों की कुल राशि, निवेश के समय उपलब्ध आय और संबंधित बैंक खातों के लेनदेन की जांच करेगी. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि निवेश और संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल की गई राशि के स्रोत क्या थे.
इसे भी पढ़ें: तेज प्रताप यादव ने बताई तलाक की वजह, बोले- पत्नी पुराने बॉयफ्रेंड से चैट करती थीं
गुरुवार को दर्ज हुआ था भ्रष्टाचार का मामला
एसवीयू के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सुधांशु कुमार के अनुसार, सूचना का सत्यापन कराने के बाद राजेश्वरी पांडेय के खिलाफ गुरुवार को एसवीयू थाने में मामला दर्ज किया गया था. इसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है.
इसके बाद पटना स्थित निगरानी न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया. छापेमारी की जिम्मेदारी सीनियर डीएसपी लव कुमार को दी गई. उनके नेतृत्व में टीमों ने शुक्रवार को अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान मिले दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच जारी है.
वर्ष 2010 में सरकारी सेवा में हुई थी नियुक्ति
एसवीयू से मिली जानकारी के अनुसार, राजेश्वरी पांडेय ने वर्ष 2010 में सरकारी सेवा में योगदान दिया था. वह बीपीएससी की 47वीं बैच की अधिकारी बतायी गई हैं. अपने सेवाकाल में वह पूर्णिया में सीनियर डिप्टी कलेक्टर, योजना एवं विकास विभाग में ओएसडी और धमदाहा में एसडीओ समेत विभिन्न पदों पर कार्यरत रह चुकी हैं.
जांच एजेंसी का आरोप है कि सेवाकाल के दौरान ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की गई और विभिन्न वित्तीय संस्थानों में निवेश किया गया. फिलहाल, तलाशी में मिले दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति और आय का मिलान किया जा रहा है. मामले में जांच पूरी होने और संबंधित साक्ष्यों के मूल्यांकन के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एडीएम राजेश्वरी पांडेय के ठिकानों पर SVU की छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति की जांच