समाचार · झारखंड
JSSC का नोटिस जारी, जेल पारा चिकित्साकर्मी भर्ती के 33 अभ्यर्थियों की डॉक्यूमेंट जांच 14 अक्टूबर को

रांची. झारखंड की जेलों में पारा चिकित्साकर्मियों की भर्ती के लिए आयोजित संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के सूचीबद्ध अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच की जायेगी. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने इसके लिए 33 अभ्यर्थियों को 14 अक्तूबर को अपने नामकुम स्थित कार्यालय में बुलाया है.
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रमाण पत्रों की जांच सुबह 11 बजे से शुरू होगी. अभ्यर्थियों को जांच शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है.
मूल प्रमाण पत्र और फोटो लाना जरूरी
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन में दर्ज जानकारी से संबंधित प्रमाण पत्रों की मूल प्रति साथ लानी होगी. इसके अलावा प्रत्येक प्रमाण पत्र की एक स्व-हस्ताक्षरित छायाप्रति और हाल में खींची गयी दो पासपोर्ट साइज की रंगीन फोटो भी लानी होगी. आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर प्रमाण पत्रों की जांच के लिए उपस्थित नहीं होने या जरूरी प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर अभ्यर्थिता समाप्त की जा सकती है.
22 अक्तूबर को मिलेगा अंतिम मौका
यदि कोई अभ्यर्थी 14 अक्तूबर को किसी कारण से प्रमाण पत्रों की जांच में शामिल नहीं हो पाता है, तो वह 22 अक्तूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक जेएसएससी कार्यालय में दस्तावेजों की जांच करा सकता है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि 22 अक्तूबर को भी अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को इसके बाद कोई दूसरा अवसर नहीं दिया जायेगा. ऐसे अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता रद्द कर दी जायेगी.
ये भी पढ़ें: HEC कर्मियों का 34 माह का वेतन बकाया, दशहरा के बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन अंतिम चयन नहीं
जेएसएससी के परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि प्रमाण पत्रों की जांच के लिए बुलाया जाना अंतिम चयन का प्रमाण नहीं है. रिक्तियों की स्थिति और आयोग की आवश्यकता के अनुसार सूची में दर्ज अनुक्रमांक से अलग अन्य अभ्यर्थियों को भी प्रमाण पत्रों की जांच के लिए बुलाया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: सहायक आचार्य भर्ती में अनारक्षित पदों पर चयन का मुद्दा हाईकोर्ट पहुंचा, आरक्षण नियम पर उठे सवाल