समाचार · छत्तीसगढ़
कार-ट्रैक्टर की टक्कर में पुलिसकर्मी समेत दो की मौत:खरोरा से रायपुर आते वक्त हुआ हादसा, एक की हालत गंभीर; ट्रैक्टर ड्राइवर फरार
खरोरा से रायपुर जा रही कार की बंगोली के पास ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पुलिसकर्मी समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों तर्रा गांव के रहने वाले थे। घायल को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पहले देखिए तस्वीरें खरोरा से रायपुर आते वक्त हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, कार में पुलिसकर्मी कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी सवार थे। तीनों तर्रा गांव के रहने वाले थे और खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली के पास उनकी कार ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मृतक कमलेश वर्मा सिलतरा थाने में पदस्थ थे। घायल को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया हादसे के बाद घायल गोपी कार में फंस गया था। उसे बाहर निकालने और बचाने में अजय देवांगन, ललित साहू और अजय वर्मा ने मदद की। इसके बाद उसे लक्ष्मीनारायण अस्पताल, दौंदेकला में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।