समाचार · छत्तीसगढ़
बालोद के दो बदमाश एक साल के लिए जिला बदर:युवराज पर 22 और कोमेश्वर पर 11 अपराध दर्ज; बालोद समेत 6 जिलों की सीमा में प्रवेश पर रोक
बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल दो बदमाशों पर पुलिस ने जिला बदर की कार्रवाई की है। कलेक्टर ने इन दोनों को एक साल के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया है। इन बदमाशों में गुंडा युवराज तम्बोली (39) और निगरानी बदमाश कोमेश्वर उर्फ कोमू निषाद (24) शामिल हैं। उन्हें 15 सितंबर 2026 से 14 सितंबर 2027 तक बालोद समेत छह जिलों की राजस्व सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं। युवराज पर 22, कोमेश्वर पर 11 अपराध दर्ज गुंडरदेही के स्कूलपारा निवासी युवराज तम्बोली के खिलाफ वर्ष 2012 से अब तक थाने में 22 अपराध दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले भी लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, लेकिन उसके आचरण में सुधार नहीं आया और क्षेत्र में लोगों को परेशान करने की शिकायतें मिलती रहीं। इसी तरह वार्ड क्रमांक 13 निवासी कोमेश्वर उर्फ कोमू निषाद के खिलाफ वर्ष 2018 से अब तक 11 अपराध दर्ज हैं। उसके खिलाफ भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, लेकिन पुलिस के मुताबिक उसकी आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया। छह जिलों में एक साल तक प्रवेश पर रोक कलेक्टर के आदेश के बाद दोनों बदमाशों को बालोद, दुर्ग, धमतरी, राजनांदगांव, कांकेर और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की राजस्व सीमा से बाहर रहने को कहा गया है। जिला बदर अवधि में इन जिलों की सीमा में प्रवेश करना आदेश का उल्लंघन माना जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बालोद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जिला बदर किए गए दोनों बदमाशों को प्रतिबंधित जिलों में कहीं देखा जाए तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को सूचना दें।