Thursday, 9 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बस यात्रियों के बैग काटकर चोरी करने वाले गिरफ्तार:तीनों आरोपी यूपी के; 3 लाख के जेवर मिले; हींग बेचने की आड़ में करते थे वारदात

INT News9 July 2026 at 09:29 pm

नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा पुलिस ने बुधवार को तीन चोरों को पकड़ा है। ये बसों में हींग बेचने के बहाने चढ़ते थे और मौका पाकर यात्रियों के बैग काटकर चोरी करते थे। इनके पास 3 लाख के सोने-चांदी के जेवर मिले। पुलिस ने ये जानकारी गुरुवार को दी। 28 जून 2026 को गाडरवारा थाने में दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। एक यात्री ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बस स्टैंड से सफर शुरू करने के दौरान किसी चोर ने ब्लेड से उसका बैग काट दिया और अंदर रखे गहने चुरा लिए। जांच के दौरान पुलिस को खबर मिली कि कुछ संदिग्ध लोग कौड़िया रोड इलाके में घूम रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी का एक सोने का हार, अंगूठी और चांदी का कमरबंद मिला। हींग बेचने के बहाने करते थे रेकी आरोपियों ने पूछताछ में कुबूल किया कि वे हींग बेचने का नाटक करके बसों में सफर करने वाले यात्रियों की रेकी करते थे। जैसे ही यात्री का ध्यान भटकता, वे ब्लेड से उसका बैग काटकर कीमती सामान पार कर देते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान योगेन्द्र (35 वर्ष), सत्तू (42 वर्ष) और भूपेन्द्र सिंह (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के मिर्जापुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों से कुल 13 ग्राम सोना और 300 ग्राम चांदी जब्त की है। कोर्ट ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।