Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सीहोर में एक ही रात दो दुकानों में चोरी:नकाबपोश चोर CCTV में कैद, लोहे की रॉड लेकर घूमता दिखा संदिग्ध

INT News27 August 2026 at 09:05 am

सीहोर जिले के रेहटी में एक ही रात दो दुकानों में चोरी की घटनाएं सामने आने से व्यापारियों और रहवासियों में चिंता बढ़ गई है। दोनों घटनाओं में संदिग्ध की गतिविधियां CCTV कैमरों में कैद हुई हैं। वहीं, मंडलोई कॉलोनी में भी एक व्यक्ति हाथ में लोहे की रॉड लेकर घूमता नजर आया। लगातार सामने आए इन मामलों के बाद पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं। रेहटी स्टैंड की दुकान में तीन बार घुसा चोर पहली घटना रेहटी स्टैंड स्थित एक दुकान में हुई। CCTV फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति दुकान के अंदर तीन बार जाता दिखाई दे रहा है। बताया गया कि आरोपी ने दुकान के गल्ले से चिल्लर सहित अन्य सामान चोरी किया। घटना के बाद दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि, फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। दूसरी दुकान में भी चोरी की कोशिश इसके बाद यही संदिग्ध सलकनपुर चौकी के सामने स्थित दूसरी दुकान में पहुंचा। यहां लगे CCTV कैमरे में उसका चेहरा स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। लगातार दो दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हाथ में लोहे की रॉड लेकर घूमता दिखा संदिग्ध चोरी की घटनाओं के बीच मंडलोई कॉलोनी से सामने आए एक अन्य CCTV फुटेज ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में लोहे की रॉड लेकर घूमता और एक घर की ओर जाता दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस व्यक्ति का चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल सलकनपुर चौकी और प्रमुख चौराहों के आसपास रात के समय हुई इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर सवाल उठाए हैं। नागरिकों का कहना है कि प्रमुख स्थानों के आसपास निगरानी और गश्त बढ़ाने की जरूरत है। व्यापारियों और स्थानीय संगठनों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, कस्बे में रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की अपील की गई है।