समाचार · मध्य प्रदेश
जंगल में मिले बालक के क्षत-विक्षत शव का पोस्टमार्टम:जंगली जानवर के हमले के निशान, परिजनों को हत्या का संदेह
सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में 9 वर्षीय नितिन यादव का क्षत-विक्षत शव जंगल में मिला। शुक्रवार को जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। रात को आई प्रारंभिक रिपोर्ट में जंगली जानवर के हमले के संकेत मिले हैं, हालांकि मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए फोरेंसिक जांच आवश्यक बताई गई है। पोस्टमार्टम पैनल में मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर बाघमारे सहित दो अन्य डॉक्टर शामिल थे। पुलिस के अनुसार, बच्चे के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जो गिरने से भी हो सकते हैं। गाल पर रगड़ के निशान पाए गए, जिन्हें जानवर द्वारा शव को घसीटे जाने से जोड़ा जा रहा है। बच्चे की कमर के निचले हिस्से में किसी जंगली जानवर के पंजों के निशान भी मिले हैं। डॉक्टरों ने बिसरा, स्किन स्वाब और जबड़ा जांच के लिए सुरक्षित कर पुलिस को सौंप दिया है। स्किन स्वाब और बिसरा को रीवा स्थित फोरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा, जबकि डीएनए परीक्षण के लिए जबड़ा भोपाल भेजा जाएगा। इन रिपोर्टों के आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। यह भी जांच की जाएगी कि जंगली जानवर के हमले से पहले बच्चे पर किसी अन्य व्यक्ति ने हमला तो नहीं किया था। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन लगातार बारिश के कारण किसी जंगली जानवर के पगमार्क नहीं मिल पाए। वन विभाग ने पुलिस को इसकी जानकारी दी है। मृतक के परिजन पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर हत्या का संदेह जता रहे हैं, जो रिश्ते में बच्चे का चाचा लगता है। पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद है और पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं, हालांकि मामला कभी थाने तक नहीं पहुंचा था। बच्चे का शव घर से लगभग 500 मीटर दूर जंगल में मिलने के बाद परिजनों का संदेह और गहरा गया है। मझगवां थाना प्रभारी आदित्य धुर्वे ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।