समाचार · मध्य प्रदेश
भोपाल में नाबालिग लड़की से रेप:एक फ्लैट में परिचित ने बनाए संबंध; पांच दिन से लापता थी पीड़िता
भोपाल की गौतम नगर पुलिस ने 16 साल चार माह की किशोरी की शिकायत पर एक परिचित युवक के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज की है। पीड़िता ने युवक पर फ्लैट में जबरन बंधक बनाकर रेप करने का आरोप लगाया है। शनिवार को पीड़िता 5 दिन बाद घर लौटी। इसके बाद उसने परिजन को आपबीती बताई और उनके साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची। वहीं, पुलिस का कहना है कि फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 16 साल 4 महीने की किशोरी गौतम नगर थाना क्षेत्र में रहती है। 13 जुलाई को वह घर से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की काउंसलिंग कराई। जिसमें उसने बताया कि वह अपनी सहेलियों और उनके दोस्तों के साथ गई थी। इस दौरान एक परिचित ने फ्लैट पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने काउंसलिंग के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म करने वाले की तलाश की जा रही है। अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं की जा सकी। हिरासत में आने के बाद ही कहा जा सकेगा कि वह बालिग है या नाबालिग है। दूसरी ओर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर का कहना है कि किशोरी ने जिसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है। वह घटना के समय सहेलियों और दोस्तों के साथ था ही नहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।