Thursday, 6 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पूर्व क्रिकेटर शाकिब अल हसन के घर हमला, आग लगाने की कोशिश

INT News5 August 2026 at 11:29 pm

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व सांसद शाकिब अल हसन के पैतृक घर में आग लगाने की कोशिश की गई. पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात मगुरा जिले में हुई. हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

स्थानीय मीडिया द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना रात करीब 9 बजे मगुरा शहर के केशब मोड़ इलाके में स्थित शाकिब के घर पर हुई. मगुरा सदर थाने के प्रभारी एमडी अब्दुल्ला अल मामून ने बताया कि कुछ उपद्रवियों ने घर पर ईंट-पत्थर फेंके, खिड़कियों को नुकसान पहुंचाया और फिर घर में आग लगाने का प्रयास किया. पुलिस अधिकारी ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस हमले के पीछे कौन लोग थे. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

शेख हसीना के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हुई घटना

यह घटना उस समय हुई, जब कुछ घंटे पहले ही शाकिब अल हसन ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ एक मीडिया कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. नई दिल्ली में फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शेख हसीना ने मीडिया को संबोधित किया था और शाकिब भी उसमें मौजूद थे. घटना के बाद इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस घटना को शेख हसीना के कार्यक्रम से जोड़कर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. हमले के पीछे की वजह की जांच की जा रही है.

पूर्व सांसद भी रह चुके हैं शाकिब

शाकिब अल हसन बांग्लादेश के सबसे सफल क्रिकेटरों में गिने जाते हैं. वह मगुरा-1 सीट से सांसद भी रह चुके हैं. पिछले कुछ समय से वह क्रिकेट के साथ-साथ राजनीतिक कारणों से भी लगातार सुर्खियों में रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: भारत दौरे से पहले अभ्यास मैच नहीं खेलेगा ऑस्ट्रेलिया, कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने बताई वजह