Thursday, 6 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

भारत दौरे से पहले अभ्यास मैच नहीं खेलेगा ऑस्ट्रेलिया, कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने बताई वजह

INT News5 August 2026 at 10:50 pm

भारत के खिलाफ अगले साल होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम कोई अभ्यास मैच नहीं खेलेगी. ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा कि टीम का पूरा फोकस भारत जैसी परिस्थितियों में तैयारी कैंप लगाने पर रहेगा.

ऑस्ट्रेलिया अगले साल जनवरी में भारत दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा. भारत में 1979 के बाद यह उसकी सबसे लंबी टेस्ट सीरीज होगी. पांच टेस्ट मैचों की यह सीरीज 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होगी. मैकडोनाल्ड का मानना है कि अभ्यास मैच खेलने की बजाय खिलाड़ियों को उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में ट्रेनिंग कराना ज्यादा फायदेमंद रहेगा.

कैंप लगाने पर रहेगा ध्यान

मैकडोनाल्ड ने क्रिकेट.कॉम से कहा कि टीम के पास भारतीय परिस्थितियों के अनुसार खुद को तैयार करने के लिए पर्याप्त समय होगा. इसलिए अभ्यास मैच खेलने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि टीम ऐसे स्थान पर ट्रेनिंग करेगी, जहां भारत जैसी पिचें और माहौल मिल सके.

उन्होंने बताया कि तैयारी के लिए दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है. ऑस्ट्रेलिया पहले भी भारत दौरे से पहले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और बेंगलुरु में ट्रेनिंग कैंप लगा चुका है. इस बार भी टीम मैनेजमेंट इसी तरह की योजना पर काम कर रहा है.

कुछ खिलाड़ियों को BBL छोड़नी पड़ सकती है

मैकडोनाल्ड ने संकेत दिए कि जो खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे, उन्हें बिग बैश लीग (BBL) खेलने की बजाय भारत दौरे की तैयारी पर ध्यान देना पड़ सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, मैथ्यू कुहनेमैन, टॉड मर्फी, कूपर कोनोली, पीटर हैंड्सकॉम्ब और मैथ्यू रेनशॉ भारत दौरे के संभावित खिलाड़ियों में शामिल हैं.

न्यूजीलैंड सीरीज के बाद होगा अंतिम फैसला

कोच ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा. भारत की परिस्थितियों को देखते हुए कुछ अलग तरह के खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया जा सकता है. इसलिए जरूरी नहीं कि न्यूजीलैंड सीरीज खेलने वाले सभी खिलाड़ी भारत दौरे पर भी जाएं. उन्होंने कहा कि कुछ खिलाड़ियों को अतिरिक्त तैयारी की जरूरत होगी और इसकी शुरुआत ऑस्ट्रेलिया में ही कर दी जाएगी. साथ ही राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारियों और बिग बैश लीग के बीच संतुलन भी बनाया जाएगा.

20 साल से भारत में टेस्ट सीरीज नहीं जीत सका ऑस्ट्रेलिया

गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया ने भारत में आखिरी बार 2004-05 में टेस्ट सीरीज जीती थी. इसके बाद से कंगारू टीम भारतीय सरजमीं पर एक भी टेस्ट सीरीज अपने नाम नहीं कर सकी है. ऐसे में अगले साल होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहद अहम मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा को लेकर लीक रिपोर्ट पड़ी भारी? अब अजीत अगरकर को गंवानी पड़ सकती है अपनी कुर्सी