Sunday, 27 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

CCWI के राष्ट्रीय सम्मेलन में जुटी देशभर की महिला, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने संविधान के मूल्यों पर की बात

INT News27 September 2026 at 09:23 pm

रांची. संत जेवियर कॉलेज के सभागार में आयोजित Council of Catholic Women of India (CCWI) के 26वें राष्ट्रीय सम्मेलन 2026 के समापन समारोह में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और बंधु तिर्की शामिल हुए. सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से महिला प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य लोग शामिल हुए.

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि भारत का संविधान देश का सर्वोच्च लोकतांत्रिक दस्तावेज है. यह प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार देता है. उन्होंने कहा कि यही संवैधानिक मूल्य विविधतापूर्ण देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करते हैं.

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में विभाजन और आपसी दूरी पैदा करने वाली परिस्थितियां भी सामने आती हैं. ऐसे समय में सभी की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि संविधान के मूल्यों, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और समानता के लिए मजबूती से अपनी आवाज उठायें और समाज को जोड़ने का काम करें.

अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे समाज सेवा

मंत्री ने कहा कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में समाज सेवा का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना होना चाहिए. जल, जंगल, जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर सामूहिक प्रयास की जरूरत है.

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की महिलाओं ने इतिहास में संघर्ष, नेतृत्व और सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. वर्तमान समय में भी महिलाओं को अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ संविधान प्रदत्त अधिकारों और मूल्यों के प्रति जागरूक होकर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि जब समाज की संवेदनशील और समर्पित महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभाती हैं, तो बदलाव समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन तक पहुंच सकता है. उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से समाज में संवेदनशीलता, न्याय और समानता की भावना को मजबूती मिलती है.

मंत्री ने सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से शामिल हुई महिला प्रतिनिधियों के सामाजिक और मानवीय कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि समाज सेवा के प्रयास निरंतर जारी रहने चाहिए और इसका लाभ जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचना चाहिए.

समापन समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आयीं महिला प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही.