समाचार · मध्य प्रदेश
हनुमना में नाली की सफाई नहीं, गोदाम में घुसा पानी:कांग्रेस ने कलेक्टर से की शिकायत; नपा पर 6 महीने से सफाई न कराने का आरोप
मऊगंज जिले के हनुमना नगर परिषद क्षेत्र में नालियों की सफाई न होने के कारण जलभराव हो रहा है। बारिश का पानी सड़कों और रिहायशी इलाकों में भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा ने मंगलवार को कलेक्टर संजय कुमार जैन से मिलकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली की लिखित शिकायत की है। सीमेंट गोदाम में घुसा पानी, लाखों का माल खराब शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक 8 में बिजली कार्यालय के सामने स्थित रत्ना ट्रेडर्स एंड इंडस्ट्रीज के सीमेंट गोदाम के पास की नाली लंबे समय से बंद है। नाली में भारी मात्रा में कचरा जमा होने के कारण बारिश का पानी सीधे गोदाम के भीतर घुस गया। इससे गोदाम में रखी सीमेंट, फ्लाई ऐश ब्रिक और पेवर ब्लॉक बनाने के लिए रखा गया भारी मात्रा में कच्चा माल पानी में भीगकर पूरी तरह खराब हो गया। छह से आठ माह से नहीं हुई नालियों की सफाई कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि इस नाली की पिछले छह महीने से सफाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद सीएमओ और सब इंजीनियर को कई बार लिखित और मौखिक रूप से सूचित किया गया, लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने दावा किया कि नगर के कई इलाकों में पिछले आठ महीनों से सफाई कार्य ठप है। मुआवजे की मांग, कलेक्टर ने दिया जांच का आश्वासन ब्लॉक अध्यक्ष ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर हनुमना नगर परिषद क्षेत्र की सभी नालियों की तत्काल सफाई कराने, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने और जलभराव से प्रभावित हुए व्यापारियों व नागरिकों के नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। जिला कलेक्टर संजय कुमार जैन ने मामले की जांच कराकर संबंधितों के खिलाफ उचित दंडात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।