समाचार · छत्तीसगढ़
जमीन विवाद, छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या:कोरिया में घायल की इलाज के दौरान मौत, आरोपी भाई भेजा गया जेल
कोरिया जिले के ग्राम सावांरावा में जमीन विवाद को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई की डंडे एवं हाथ मुक्के से पिटाई कर दी। हमले में घायल बड़े भाई की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। जांच में मारपीट के कारण मौत होना पाये जाने पर पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पटना थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सावांरावा में 23 जून को जमीन को लेकर ललित कुशवाहा और उसके छोटे भाई शारदा कुशवाहा में विवाद हो गया। विवाद के बाद शारदा कुशवाहा ने डंडे एवं हाथ-मुक्के से ललित कुशवाहा की पिटाई कर दी। दूसरे दिन 24 जून को ललित कुशवाहा की हालत बिगड़ी तो उसे पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में मौत, आरोपी भाई गिरफ्तार
पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने ललित कुशवाहा की जांच एवं उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 25 जून को ललित कुशवाहा की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अंदरूनी चोट के कारण मौत होना बताया गया। पुलिस जांच में परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर शारदा कुशवाहा द्वारा ललित कुशवाहा से मारपीट करने की जानकारी दी गई। पुलिस ने मामले में शारदा कुशवाहा के खिलाफ धारा 103 का अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी शारदा कुशवाहा (36 वर्ष ) को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।