Tuesday, 20 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नीमच में आरटीओ कर्मचारी ने ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारा:चालकों ने गुमटी में आग लगाई, चालान काटने की मशीन फोड़ी; 3 घंटे बाद खुला नीमच-महू मार्ग

INT News19 October 2026 at 11:00 pm

नीमच-राजस्थान सीमा पर स्थित नयागांव आरटीओ बैरियर पर सोमवार शाम 6 बजे आरटीओ कर्मचारियों और ट्रक चालकों के बीच हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया। मारपीट की घटना से भड़के ट्रक ड्राइवर्स ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और आरटीओ अमले पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान बैरियर परिसर की एक गुमटी में आगजनी और तोड़फोड़ की घटना भी हुई, जिससे मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। करीब तीन घंटे तक चले इस हंगामे के बाद 9 बजे प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर यातायात बहाल हो सका। थप्पड़ मारने पर भड़के ड्राइवर बताया जा रहा है कि चेकिंग के दौरान आरटीओ कर्मचारी ने एक ट्रक चालक से पुराने बकाया चालान की रकम जमा करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद वहां मौजूद बड़ी संख्या में ट्रक चालक जमा हो गए और नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए इस जाम के कारण नीमच-महू मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और करीब तीन घंटे तक आवगमन पूरी तरह ठप रहा। वहीं दूसरी ओर आरटीओ अधिकारियों का आरोप है कि प्रदर्शनकारी ड्राइवरों ने गुमटी में आग लगाई और चालान काटने वाली मशीनों में तोड़फोड़ की। अधिकारियों की समझाइश के बाद खुला जाम घटना की खबर मिलते ही जावद एसडीएम संजीव साहू, एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल और एसपी राजेश व्यास भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित चालकों से चर्चा कर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद रात करीब 9 बजे चक्काजाम खत्म हुआ। नयागांव चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि अधिकारियों की तीन घंटे की समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया। फिलहाल ड्राइवर चौकी में मौजूद हैं और अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलते ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।