समाचार · मध्य प्रदेश
तेंदूखेड़ा में युवक की हत्या का दूसरा आरोपी गिरफ्तार:हाथ ठेला किराया मांगने पर चाकू मारा था, एक नाबालिग पहले ही पकड़ाया
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में हाथ ठेला के किराए के महज 30 रुपए के विवाद में हुई अतुल अहिरवार (25 वर्ष) की हत्या के दूसरे आरोपी धीरेंद्र खटीक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल एक नाबालिग आरोपी को घटना के अगले ही दिन पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। यह वारदात 23 जून की रात तेंदूखेड़ा बस स्टैंड पर हुई थी। दमोह के हरसिद्धि मंदिर के पास रहने वाला आरोपी धीरेंद्र खटीक तेंदूखेड़ा के साप्ताहिक बाजार में फल की दुकान लगाने आया था। उसने तेंदूखेड़ा के वार्ड क्रमांक 5 निवासी अतुल अहिरवार से दो हाथ ठेले किराए पर लिए थे। रात में जब अतुल किराया लेने पहुंचा, तो धीरेंद्र ने उसे सिर्फ 20 रुपए दिए और बाकी के 30 रुपए देने से मना कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि धीरेंद्र खटीक और उसके साथ मौजूद नाबालिग साथी ने फल काटने वाले चाकू से अतुल के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। चाकू सीधे दिल में लगने के कारण अतुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर फेंक दिए थे ठेले हत्याकांड के बाद स्थानीय व्यापारियों और परिजनों में भारी गुस्सा फैल गया था। गुस्साए लोगों ने मुख्य सड़क मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और बाजार में हाथ ठेलों पर रखी सामग्री को सड़क पर फेंककर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन भी किया था। 22 दिन बाद पकड़ा गया मुख्य आरोपी तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी सरोज ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने वारदात के अगले ही दिन यानी 24 जून को नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया था। मुख्य आरोपी धीरेंद्र खटीक घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने करीब 22 दिन बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस मामले के दोनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।