समाचार · पंजाब
जलालाबाद में मवेशियों के कमरे में लगी आग:7 पशुओं की जिंदा जलकर मौत, 2 को पुलिसकर्मियों ने बचाया
जलालाबाद के गांव चक जानीसर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में मवेशियों के कमरे में आग लगने से सात मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशियों को पुलिसकर्मियों की तत्परता से बचा लिया गया। आग लगने के समय कमरे में कुल नौ मवेशी मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ। पीड़ित किसान विजय यादव ने बताया कि कमरे में पंखा चल रहा था। देर रात बकरी की आवाज सुनकर उनकी पत्नी की आंख खुली तो मवेशियों के कमरे से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान ड्यूटी पर जा रहे दो पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचे और साहस दिखाते हुए दो मवेशियों को बाहर निकाल लिया। परिवार ने प्रशासन से मांगी मदद हालांकि दोनों मवेशी झुलस गए, लेकिन उनकी जान बच गई।हादसे में तीन गायों समेत कुल सात मवेशियों की मौत हो गई, जिनमें कुछ गर्भवती भी थीं। विजय यादव के अनुसार आग से उन्हें करीब 7 से 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि विजय यादव पिछले 33 वर्षों से गांव में रहकर ठेके पर खेती और पशुपालन के जरिए परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। इस हादसे से परिवार को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।