समाचार · हरियाणा
सिरसा में लोहगढ़ माइनर का लिंक चैनल टूटा:धान के खेतों में फैला पानी; 5 घंटे बाद बहाल हुई सप्लाई
सिरसा जिले के डबवाली खंड में लोहगढ़ माइनर का लिंक चैनल शनिवार रात करीब 12 बजे टूट गया। सुबह किसानों ने देखा तो लखुआना सड़क के पास चैनल में 20 फुट चौड़ी दरार थी। नहरी पानी पास के धान के खेतों में फैल गया। किसान मिट्ठू कंबोज, प्रेम कुमार, सुनील धारणिया और दिलावर सिंह ने बताया कि प्रेम कुमार के खेत के पास चैनल टूटा। किसानों ने तुरंत नहरी विभाग को सूचना दी। दोपहर 12 बजे बेलदार विजय और जेई सुभाष मौके पर पहुंचे। 5 घंटे की मशक्कत के बाद किया ठीक लोडर और मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों से दरार भरने का काम शुरू हुआ। पानी के तेज बहाव से कर्मचारियों को मेहनत करनी पड़ी। 5 घंटे की मशक्कत के बाद शाम 5 बजे दरार भर दी गई और पानी दोबारा छोड़ा गया। किसानों ने बताया कि यह लिंक चैनल पहले भी कई बार टूट चुका है। ठीक से देखभाल न होने से उन्हें सिंचाई के पानी की समस्या होती है। किसानों ने प्रशासन से इसकी स्थायी मरम्मत की मांग की है।