समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर में फिर वायरल हुआ प्राइवेट पूल पार्टी का निमंत्रण…VIDEO:4,999 एंट्री फीस, मॉडल्स के साथ इंटरेक्शन का दावा; पुलिस ने शुरू की जांच
राजधानी रायपुर में एक बार फिर सोशल मीडिया पर प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर वायरल होने से हलचल मच गई है। वायरल पोस्टर में 4,999 एंट्री फीस लेकर किसी गोपनीय स्थान पर पूल पार्टी आयोजित करने का दावा किया गया है। पोस्टर में मॉडल्स और एक्ट्रेस के साथ इंटरेक्शन, सीमित मेहमानों की एंट्री और पेमेंट के बाद आयोजन स्थल की लोकेशन शेयर करने जैसी बातें लिखी हैं। पोस्टर सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टर में आयोजन स्थल की जानकारी नहीं सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर में पार्टी में सीमित संख्या में लोगों को प्रवेश देने की बात कही गई है। इसमें शामिल होने के लिए 4,999 फीस निर्धारित किए जाने का दावा है। खास बात यह है कि पोस्टर में आयोजन स्थल का नाम या पता सार्वजनिक नहीं किया गया है। इसमें बताया गया है कि भुगतान करने के बाद ही पार्टी की लोकेशन संबंधित लोगों को दी जाएगी। आयोजकों और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वायरल पोस्टर वास्तविक है या किसी ने इसे केवल प्रचार के लिए तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पोस्टर को वायरल करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अगर ऐसा कोई आयोजन प्रस्तावित है तो उसके लिए संबंधित विभागों से जरूरी अनुमति ली गई है या नहीं। पुलिस आयोजन स्थल और आयोजकों की पहचान के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। बजरंग दल ने जताई आपत्ति कथित पूल पार्टी को लेकर बजरंग दल ने भी आपत्ति जताई है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि रायपुर में पहले भी इस तरह के आयोजनों से जुड़े पोस्टर सामने आ चुके हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा आयोजन किया गया तो इसका विरोध किया जाएगा। पुलिस ने शुरू की जांच फिलहाल पुलिस वायरल पोस्टर की प्रामाणिकता, आयोजकों की पहचान और प्रस्तावित आयोजन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह पोस्टर किसी वास्तविक आयोजन से जुड़ा है या सोशल मीडिया पर महज प्रचार के लिए वायरल किया गया है।