Tuesday, 20 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मुरैना में माता विसर्जन स्थल पर अंधेरा:वाहनों की हेडलाइट में हो रहा विसर्जन, एडीएम ने व्यवस्था दिखवाने की बात कही

INT News19 October 2026 at 10:51 pm

मुरैना में सोमवार-मंगलवार को दो दिन तक माता प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यवस्थाएं करने के दावे किए हैं। लेकिन सबसे बड़े विसर्जन स्थल आसान नदी के छौंदा पुल पर जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। यहां रोशनी के लिए लाइटिंग तो कराई गई है। लेकिन बिजली की व्यवस्था नहीं होने से विसर्जन स्थल पर अंधेरा पसरा हुआ है। हालात यह हैं कि श्रद्धालु अपने वाहनों की हेडलाइट की रोशनी में माता प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लाइटिंग लगी, लेकिन जल नहीं रहीं लाइटें छौंदा पुल पर माता विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने विसर्जन स्थल पर रोशनी के लिए लाइटें लगवाई हैं। लेकिन बिजली नहीं होने के कारण इनका कोई उपयोग नहीं हो रहा। विसर्जन स्थल पर अंधेरा होने से श्रद्धालुओं को अपने वाहनों की रोशनी का सहारा लेना पड़ रहा है। एक श्रद्धालु ने इस अव्यवस्था का वीडियो भी बनाया है, जो सामने आया है। वीडियो के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को दिखवाने की बात कही है। अंधेरा बन सकता है हादसे का कारण माता विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में विसर्जन स्थल पर पर्याप्त रोशनी नहीं होना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। अंधेरे में वाहन चलाने, प्रतिमाओं को ले जाने और विसर्जन करने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सवाल यह है कि जब प्रशासन ने विसर्जन स्थल पर लाइटिंग की व्यवस्था कराई है, तो बिजली उपलब्ध क्यों नहीं है? अगर अंधेरे के कारण कोई हादसा हो जाता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? विसर्जन के दो दिन शेष रहते व्यवस्था दुरुस्त करना जरूरी है। एडीएम बोले- दिखवाते हैं एडीएम अश्वनी कुमार रावत ने बताया कि विसर्जन स्थल पर लाइटिंग की पर्याप्त व्यवस्था कराई गई है। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विसर्जन पूरा होने तक बिजली नहीं जाना चाहिए। इसके बावजूद वहां अंधेरा क्यों है और लाइटें क्यों नहीं जल रही हैं, इसकी जानकारी लेकर व्यवस्था को दिखवाया जाएगा।